कोर्ट परिसर से हथकड़ी सरका कर कैदी फरार, हत्या मामले में आजीवन कारावास की काट रहा था सजा, जानिए मामला...
पूर्वी चंपारण जिले का है निवासी प्रजीत कुमार सिंह। बेतिया जेल में आजीवन कैद की सजा काट रहा था। मिली थी फांसी की सजा दया याचिका पर राष्ट्रपति ने कर दिया आजीवन कारावास।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। व्यवहार न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया सजायफ्ता कैदी प्रजीत कुमार सिंह सोमवार को पेशी से पूर्व हथकड़ी सरका कर फरार हो गया। वह पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के इंद्रगाछी का निवासी है। प्रजीत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के आरोप में बेतिया जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। सोमवार को रंगदारी के एक मामले में उसकी पेशी थी। लेकिन, इससे पूर्व ही हथकड़ी सरका कर फरार हो गया।
तीन लोगों की कर दी थी निर्मम हत्या
वर्ष 1998 में उसने सुप्रिया सिनेमा रोड निवासी प्रकाश कुमार की दो बहनें व एक भाई की दबिया से काट कर हत्या कर दी थी। साथ ही प्रकाश के माता -पिता को भी गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। इस मामले में उसे स्थानीय कोर्ट से फांसी की सजा हुई थी। जो सुप्रीम कोर्ट में भी बरकरार रही। दया याचिका पर राष्ट्रपति ने फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया था। वह बक्सर सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था।
बक्सर जेल से हुआ था फरार
30 दिसंबर 2016 को सेंट्रल जेल बक्सर से पांच साथियों के साथ फरार हो गया था। इसके बाद वह प्रकाश के मोहल्ले में आ धकमा और जान मारने की धमकी दी। 30 नवंबर 2017 को उसने प्रकाश को फोन कर दस लाख रुपये रंगदारी की मांग की। नहीं देने पर जान मारने की धमकी दी। इस मामले में नगर थाना की पुलिस ने कांड दर्ज किया था। तत्कालीन एसपी विनय कुमार ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम मुंबई भेजी थी। टीम 5 जनवरी 2018 को उसे गिरफ्तार कर बेतिया लाई थी। इस मामले का विचारण न्यायिक दंडाधिकारी मनोज कुमार के न्यायालय में चल रहा है।
इस बारे में बेतिया एसपी निताशा गुडिया ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। फरार कैदी की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। दोषी पर कार्रवाई होगी। कोर्ट परिसर में तैनात पुलिस कर्मियों से भी पूछताछ जारी है।