Gold loot : दस करोड़ के सोना लूट मामले में तीन आरोपितों को रिमांड पर लेगी पुलिस
Gold loot सदर पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ करने के लिए कोर्ट में दी अर्जी। हाजीपुर जेल में बंद हैं तीन आरोपित वारदात के बाद सक्रिय हुई पुलिस।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। भगवानपुर स्थित मुथूट फाइनेंस कंपनी की शाखा से दस करोड़ के सोना लूट मामले में जेल में बंद तीन आरोपितों को सदर पुलिस रिमांड पर लेगी। इसके लिए कोर्ट में पुलिस की तरफ से अर्जी दी गई है। उक्त तीनों आरोपित वर्तमान में हाजीपुर जेल में बंद हैं। आदेश मिलने के बाद सदर पुलिस तीनों को रिमांड पर लेकर कई बिंदुओं पर पूछताछ करेगी। कहा जा रहा है कि फरार विकास झा और किसलय समेत अन्य के ठिकाने के बारे में पुलिस जानकारी लेगी।
बता दें कि दस करोड़ के सोना लूट मामले में पुलिस ने सिर्फ पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपित विरेंद्र शर्मा, विकास झा और किसलय फरार हैं। किसलय ने लाइनर की भूमिका निभाई थी। वह भगवानपुर इलाके में ही रहता था। उसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कई बार छापेमारी की, लेकिन घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस भी पांच गिरफ्तारी के बाद शिथिल हो गई थी। फरार अपराधियों के बारे में पता लगाना जरूरी नहीं समझा। इसका नतीजा सूबे में सबसे बड़ी लूट की घटना होने के बाद सामने आया। अब सदर पुलिस भी सक्रिय होकर कार्रवाई में जुटी है।
जेल प्रशासन ने ली वार्डो की तलाशी
अमर शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा प्रशासन ने सभी वार्डो की औचक तलाशी ली। इससे बंदियों के बीच हड़कंप मचा रहा। हालांकि इस दौरान कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। भगवानपुर मुथूट फाइनेंस कंपनी लूटकांड में शामिल आरोपित के वार्ड की भी तलाशी ली गई। वहां भी कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।