युवाओं को पुलिस व सेना के लिए तैयार कर रहे थानेदार
ठकराहां के थानाध्यक्ष की पहल से जुड़े क्षेत्र के दो दर्जन युवा। ऊंची व लंबी कूद सहित अन्य शारीरिक प्रशिक्षण देते। प्रतियोगी पत्रिकाएं और समाचार पत्र भी युवाओं को कराते उपलब्ध।
पश्चिम चंपारण, [विनय पाठक]। आमतौर पर पुलिस का नाम आते ही लोग डर जाते हैं। दिमाग मेंं उनके लिए अलग ही छवि बनती है। लेकिन, गंडक पार ठकराहां के थानाध्यक्ष मो. खलील ने अच्छे व्यवहार के चलते अलग ही पहचान बनाई है। वे प्रतिदिन युवाओं को पुलिस और सेना में जाने के लिए फ्री में ट्रेनिंग देते हैं। प्रतियोगी परीक्षा की किताबें और समाचार पत्र भी उपलब्ध कराते हैं। चार महीने से चल रहे उनके प्रयास से दो दर्जन युवा जुड़ चुके हैं।
इस तरह हुई शुरुआत
चार महीने पहले थानाध्यक्ष मो. खलील अहमद क्षेत्र भ्रमण पर थे। इस दौरान कुछ युवाओं को गप्पे लड़ाते देखा। तभी उनके मन में इन युवाओं की सोच बदलने का ख्याल आया। सबसे पहले लोगों के मन से पुलिस का भय निकालना जरूरी था। इसके लिए उन्होंने युवाओं की बैठक बुलाई। इसमें यह बात सामने आई कि बेरोजगारी के चलते अधिकांश युवा अच्छी शिक्षा के बाद भी कठिन दौर से गुजर रहे। इस पर थानाध्यक्ष ने युवाओं को पुलिस और सेना में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्हें खुद प्रशिक्षण देने की बात कही।
इस पर युवाओं ने हामी भरी तो उनकी क्लास शुरू हो गई। शुरुआत में कुछ ही युवा आते थे। आज दो दर्जन युवक सुबह पांच बजे थाना परिसर पहुंच जाते हैं। फिर शुरू होती है दो घंटे की कठिन ट्रेनिंग। थाना परिसर में थानाध्यक्ष ऊंची कूद, लंबी कूद और दौड़ आदि का प्रशिक्षण देते हैं। वे जब भी शहर की ओर जाते हैं, रोजगार समाचार और प्रतियोगी पत्रिकाएं खरीद कर लाते हैं। उसे युवाओं के बीच बांटते हैं।
युवाओं की बनाई टीम
थानाध्यक्ष ने 10 युवाओं की एक टीम भी बनाई है। ये अन्य युवाओं को प्रोत्साहित करते हैं। प्रशिक्षण लेने वाले सिकंदर यादव, जयभूषण गिरी, मंजीत सिंह, सूरज सिंह, मणिभूषण तिवारी, अखिलेश और हरेराम का कहना है कि थानाध्यक्ष की प्रेरणा से उन्हें राह मिली है। वे प्रतिदिन जीतोड़ मेहनत कर रहे, ताकि सेना या पुलिस में जाकर देश की सेवा कर सकें।
इन युवाओं का कहना है कि थानाध्यक्ष खुद रोजगार समाचार पत्र लाकर देते हैं। डाक से प्रतियोगिता के लिए जरूरी पत्रिकाएं भी मंगाते हैं। इसका लाभ लिखित परीक्षा की तैयारी में मिल रहा।
थानाध्यक्ष का कहना है कि बेरोजगारी के चलते युवा अपराध की ओर जाते हैं। उनकी प्रतिभा का सही इस्तेमाल हो और उन्हें रोजगार मिले, यही कोशिश है।
एसपी ने कहा-थानाध्यक्ष की पहल से रोजगार की ओर उन्मुख हो रहे क्षेत्र के युवा
बगहा एसपी अरङ्क्षवद कुमार गुप्ता ने कहा कि थानाध्यक्ष मो. खलील की पहल काफी अच्छी है। इससे क्षेत्र के युवा रोजगार की ओर उन्मुख हो रहे, यह पुलिस महकमे के लिए गर्व की बात है। थानाध्यक्ष की जितनी तारीफ की जाए कम है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप