Paschim Champaran: बगहा में नक्सलियों के नाम पर डीलर से रंगदारी मांगता था युवक, चढ़ा पुलिस के हत्थे
बगहा पुलिस जिले के उत्तरांचल इलाकों में नक्सलियों के नाम पर लोगों से रंगदारी वसूलने वाले एक युवक को एसटीएफ लौकरिया व नौरंगिया पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसे शुक्रवार को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत भेज दिया।
पश्चिम चंपारण, जासं। बगहा पुलिस जिले के उत्तरांचल इलाकों में नक्सलियों के नाम पर लोगों से रंगदारी वसूलने वाले एक युवक को एसटीएफ लौकरिया व नौरंगिया पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसे शुक्रवार को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत भेज दिया। बगहा एसडीपीओ कैलाश प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार युवक राजेश राम वाल्मीकिनगर थाने के सोहरिया गांव का निवासी है। उसने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर नक्सलियों के नाम पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में आम जनता से रंगदारी वसूलने की जानकारी मिली थी। इसी कड़ी में बीते माह नौरंगिया थाने के देवताहा निवासी व डीलर पारसनाथ खतइत के द्वारा नौरंगिया थाने में प्राथमिकी संख्या 25/21 दर्ज कराई गई।
दर्ज प्राथमिकी में बताया गया कि उन्हें एक गुमनाम पत्र मिला है। जिसमें नक्सली होने का हवाला देते हुए रंगदारी मांगी गई है। अब लगातार फोन कर रंगदारी मांगी जा रही है। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की तो जानकारी मिली कि पत्र गांव के ही दिनेश राम ने लिखा था और वहीं दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से सिम निकालकर फोन करता है। जिसके बाद पुलिस ने दिनेश राम को गिरफ्तार किया था। जिसके पास से पोस्टर आदि भी जब्त किया गया था। पुलिस के पूछताछ में दिनेश राम ने राजेश राम सहित अन्य युवकों के नामों की जानकारी दी थी। जिसके बाद सभी लोग घर छोड़ फरार हो गए गुरुवार को नौरंगिया थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र को सूचना मिली थी कि राजेश राम को घर पर देखा गया है। जिसके बाद एसटीएफ के टीम के साथ छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया।