समस्तीपुर में कोर्ट परिसर में भिड़े पुलिस व अधिवक्ता, जमकर हुई नोकझोंक, जानिए क्या थी वजह
Samastipur News कोर्ट कैैंपस के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर ले जा रही पुलिस के वाहन को घेरा। आरोपित के घर चस्पा किया गया था कुर्की का इश्तेहार।
समस्तीपुर, जेएनएन। व्यवहार न्यायालय परिसर में शुक्रवार को स्थानीय पुलिस व अधिवक्ताओं में जमकर नोकझोंक हुई। न्यायालय परिसर के पास एक आरोपित को गिरफ्तार कर ले जा रही पुलिस के वाहन को घेर लिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। आसपास काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। लगभग बीस मिनट तक नोकझोंक होती रही। सूचना पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों के आश्वासन से मामले को शांत किया गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपित को न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष उपस्थित कराया।
जानकारी के अनुसार, अभियुक्त मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर का बताया गया है। आम्र्स एक्ट व हत्या मामले का आरोपित है। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। उसे पकडऩे के लिए जाल बिछाया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कोर्ट कैंपस के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसे गाड़ी पर बैठा कर ले जा रही थी।
इसी बीच अधिवक्ताओं ने पुलिस के वाहन को घेर लिया। उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की मांग कर रहे थे। लगभग बीस मिनट तक नोकझोंक हुई। सूत्रों के अनुसार, गत तीन दिन पूर्व ही न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उस आरोपित के घर कुर्की का इश्तेहार चस्पा किया था। उसके विरुद्ध मुफस्सिल थाना कांड संख्या 468/14 आम्र्स एक्ट तथा हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि आरोपित न्यायालय में आत्मसर्मपण करनेवाला था। पुलिस की इस कार्रवाई पर ङ्क्षचता व्यक्त की है।