मुजफ्फरपुर नगर निगम चुनाव में 312 बूथों पर जनता करेगी अपने मताधिकार का प्रयोग
Muzaffarpur Municipal Corporation Election 16 चलंत मतदान केंद्र बनाए गए प्रशासन ने किया प्रारूप का प्रकाशन। 23 तक लिए जाएंगे दावें-आपत्ति चार सितंबर को होगा अंतिम प्रकाशन। निकायों के लिए बनाए गए निर्वाची पदाधिकारी की हुई सूची तैयार।
मुजफ्फरपुर, जासं। नगर निगम चुनाव की तैयार तेज हो गई है। इस क्रम में सभी 49 वार्ड के लिए मतदान केंद्र निर्धारित कर लिए गए हैं। यहां 312 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। इसके प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया है। किसी तरह की गड़बड़ी को लेकर 23 अगस्त तक दावा-आपत्ति ली जाएगी। इसका 28 अगस्त तक निष्पादन कर दिया जाएगा। इसके बाद चार सितंबर को अंतिम रूप से मतदान केंद्रों का प्रकाशन कर दिया जाएगा।
निर्वाची पदाधिकारी संजीव कुमार की ओर से जारी सूची में सर्वाधिक बूथों की संख्या वार्ड 49 में है। यहां मतदाताओं की संख्या भी सर्वाधिक है। सबसे छोटे वार्ड एक में बूथों की संख्या चार होगी। इनमें से तीन एमआइटी एवं एक मध्य विद्यालय लक्ष्मी चौक में होगा। इसके अलावा यहां 16 चलंत बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा सभी बूथ स्थायी भवन में होंगे।
साहेबगंज व तीन नपं के बूथों के प्रारूप का भी प्रकाशन
निगम के अलावा साहेबगंज नगर परिषद एवं तीन नगर पंचायतों मुरौल, बरूराज एवं सरैया के बूथों के प्रारूप का भी प्रकाशन कर दिया गया है। इनके लिए भी दावा-आपत्ति का समय निगम की ही तरह 23 अगस्त तक निर्धारित किया गया है। संबंधित निकायों के निर्वाची पदाधिकारी को बूथों में किसी तरह के परिवर्तन के लिए प्राधिकृत किया गया है।
निकायों के ये बनाए गए हैं निर्वाची पदाधिकारी
नगर निगम : संजीव कुमार, अपर समाहर्ता
नगर परिषद साहेबगंज : विजय कुमार पांडेय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी
नगर पंचायत मुरौल : चंदन चौहान, डीआरडीए निदेशक
नगर पंचायत बरूराज : स्मृति कुमारी, एसडीसी
नगर पंचायत सरैया : डा. मनीषा, एएसडीओ पूर्वी
बूथों को लेकर महत्वपूर्ण तिथियां
प्रारूप प्रकाशन के बाद दावा-आपत्ति : 10 से 23 अगस्त
प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन : 12 से 28 अगस्त
बूथों की सूची का आयोग से अनुमोदन : 29 अगस्त से दो सितंबर तक
बूथों की सूची का अंतिम प्रकाशन : चार सितंबर
बूथवार मतदाता सूची का प्रकाशन : छह सितंबर