पश्चिम चंपारण में संदिग्ध बांग्लादेशी युवक को लोगों ने पकड़ा, बच्चा चोर समझ कर दी पिटाई West Champaran News
पुलिस ने हिरासत में लेकर कराया इलाज। चल रही पूछताछ बार-बार बदल रहा नाम और पता।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। बगहा नगर थाना क्षेत्र के खरपोखरा गांव में घूम रहे एक संदिग्ध युवक को लोगों ने बच्चा चोर समझकर बुरी तरह पीटा। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराने के बाद उसका बयान दर्ज किया। युवक ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया। इससे हड़कंप मच गया। फौरन वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ जारी थी। युवक का नाम मो. रहीम बादशाह, पिता अब्दुल रज्जाक है। पुलिस को बताया कि वह भटककर यहां आ गया। हालांकि, वह बार- बार अपना नाम और पता बदल रहा है। पुलिस ने बताया कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा है। जांच पूरी होने तक कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
बताया गया कि युवक शनिवार शाम खरपोखरा में घूमता दिखा। लोगों ने रोक कर पूछताछ की। इसके बाद बच्चा चोर का आरोप लगाकर पिटाई कर दी। वह बुरी तरह जख्मी हो गया। बाद में पुलिस उसे हिरासत में बगहा ले आई। प्रभारी नगर थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने कहा कि वरीय अधिकारियों के आदेश पर आगे की कार्रवाई होगी।