पैंट्रीकार के वेंडर इस तरह आपकी जेब पर डालते हैं ‘डाका’, ट्रेन में सफर के दौरान रहें सावधान
खानपान इंस्पेक्टर की जांच में सामने आया सच। बैग में बंद मिली स्वैप मशीन। खानपान की रेट लिस्ट गायब। यात्रियों से मनमाना वसूली।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सोनपुर रेल मंडल के खानपान इंस्पेक्टर यशवंत कुमार ने शनिवार को खाद्य पदार्थ के डिजिटल बिल को लेकर सप्तक्रांति एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में जांच की। इस दौरान पेंट्रीकार में दो में से एक स्वैप मशीन मिली। वह भी बैग में बंद। आधा दर्जन वेंडरों के पास मेडिकल कार्ड और पहचान पत्र नहीं मिले। बिना कार्ड के वे सामान बेच रहे थे। पेंट्रीकार में गंदगी का अंबार था। पे अमान्य पानी बेचते मिले। रेट लिस्ट भी गायब था। कैटरिंग के निर्धारित मापदंड पर पेंट्रीकार नहीं मिली।
अधिकारी ने नरकटियागंज तक सफर कर यात्रियों से पूछताछ की। इसमें सामने आया कि यात्रियों को खाना, नाश्ता व अन्य खाद्य पदार्थ का बिल नहीं दिया जा रहा है। साथ ही वेंडर भी मनमाने तरीके से मोटी कमाई कर रहे हैं। कैटरिंग इंस्पेक्टर ने कहा कि जांच में एक स्वैप मशीन मिली, लेकिन वह भी बैग में बंद। रिपोर्ट भेजी जाएगी।
वहीं मुख्य वाणिज्य निरीक्षक धनंजय कुमार ने बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की पेंट्रीकार की जांच की। इसमें भी स्वैप मशीन मिली। बिल यात्रियों को दिया जा रहा है। गंदगी का अंबार देखकर मैनेजर को चेतावनी दी गई। खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता अच्छी नहीं है।