चलती पटना जयनगर इंटरसिटी में मोबाइल झपटा तो ट्रेन से कूदा छात्र, बदमाश को दबोचा
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर पटना-जयनगर एक्सप्रेस से मोबाइल झपटने के बाद एक छात्र ने चलती ट्रेन से कूदकर बदमाश का पीछा ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में बदमाश। फोटो: जागरण
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। Patna Jainagar Express Mobile Snatching: जंक्शन पर रविवार की शाम मोबाइल बचाने के लिए एक छात्र यात्री ने अपनी जान जोखिम में डाल दी।
मुजफ्फरपुर जंक्शन से ट्रेन खुलते ही रेल लाइन किनारे खड़े एक शातिर बदमाश ने गेट पर बैठे यात्री का मोबाइल झपट लिया।
चलती ट्रेन से कूदा छात्र
मोबाइल छिनते ही छात्र यात्री ने हिम्मत दिखाई और चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। मोबाइल लेकर भाग रहे बदमाश का पीछा करते हुए यात्री ने शोर मचाना शुरू किया।
पानी भरे गड्ढे में घेरा
बदमाश जान बचाने के लिए रेलवे ट्रैक के किनारे पानी भरे गड्ढे में घुसकर भागने लगा। तभी यात्री का शोर सुनकर मिस्काट मुहल्ला के स्थानीय लोग जुट गए और बदमाश को रंगेहाथ धर दबोचा।
पुलिस के हवाले किया
स्थानीय लोगों ने पकड़े गए बदमाश की धुनाई करने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। मिठनपुरा थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को हिरासत में लिया और बाद में जीआरपी को सौंप दिया।
पुराना अपराधी है बदमाश
पकड़ा गया बदमाश काजीमुहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा धनकार टोला निवासी किशन कुमार है। जीआरपी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि आरोपित पहले भी चोरी और झपट्टामारी के मामलों में कई बार जेल जा चुका है।
दरभंगा में मिला छात्र का बैग
पीड़ित छात्र मधुबनी के बर्जीबार का रहने वाला चंदन कुमार है, जो पटना में नर्सिंग की पढ़ाई करता है। मोबाइल के चक्कर में ट्रेन से कूदने के कारण उसका बैग ट्रेन में ही छूट गया था, जिसमें शैक्षणिक प्रमाणपत्र थे। सूचना पर दरभंगा जीआरपी ने बैग को सुरक्षित बरामद कर स्वजनों को सौंप दिया।
