NHAI को पारू औद्योगिक क्षेत्र को पटना बेतिया फोरलेन से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण का जिम्मा
NHAI Road Project: मुजफ्फरपुर के पारू औद्योगिक क्षेत्र को पटना-बेतिया फोरलेन से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण अब एनएचएआई करेगा। ...और पढ़ें

जिला प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र की कनेक्टिविटी को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाया। फाइल फोटो
HighLights
एनएचएआई बनाएगा पारू औद्योगिक क्षेत्र को फोरलेन से जोड़ने वाली सड़क।
700 एकड़ में विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र, भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया जारी।
20 मीटर चौड़ी सड़क से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Paru Industrial Area: पारू में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में अहम पहल की गई है। इस औद्योगिक क्षेत्र को पटना-बेतिया निर्माणाधीन फोरलेन सड़क से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ही कराएगा।
जल्द प्रकाशित होगी अधिसूचना
दरअसल पारू में करीब 700 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए जल्द ही अधिसूचना प्रकाशित की जाएगी। इसी बीच जिला प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र की कनेक्टिविटी को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
प्रस्ताव देने का किया अनुरोध
जिलाधिकारी ने एनएचएआई छपरा के परियोजना निदेशक को प्रस्ताव भेजकर औद्योगिक क्षेत्र को पटना-बेतिया फोरलेन से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण की जिम्मेदारी एनएचएआई को देने का अनुरोध किया है। प्रस्ताव के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र से फोरलेन तक बनने वाली सड़क की चौड़ाई करीब 20 मीटर होगी, ताकि भारी वाहनों का आवागमन दोनों दिशाओं में सुगमता से हो सके।
जल्द ही शुरू होगा सर्वे
डीएम के प्रस्ताव पर एनएचएआई द्वारा आकलन करने के बाद जल्द ही सर्वे का कार्य शुरू किया जाएगा। मालूम हो कि पटना से बेतिया तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है और इसी मार्ग के समीप पारू में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए जमीन चिह्नित की गई है।
जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रारंभिक सर्वे पूरा कर लिया गया है। अधिसूचना जारी होने के बाद भूमि की श्रेणी और मुआवजा दर तय की जाएगी। इसके साथ ही सामाजिक प्रभाव का आकलन भी कराया जाएगा।
सर्वे रिपोर्ट के अनुसार पांच मौजा में फैली लगभग 700 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर पारू औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इससे इलाके में उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।
