पैक्स चुनाव में दिखा आधी आबादी का उत्साह
मुजफ्फरपुर जिले की औराई कटरा व गायघाट में हल्की नोकझोंक के बीच पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण हुए।
मुजफ्फरपुर : जिले की औराई, कटरा व गायघाट में हल्की नोकझोंक के बीच पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुए। इस बार आधी आबादी का उत्साह नजर आया।
औराई : प्रखंड के 20 पैक्सों के लिए बुधवार की सुबह से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ लगी रही। पुरुषों की तुलना में महिला वोटरों में खासा उत्साह देखा गया। हल्की नोक -झोंक को छोड़कर मतदान शातिपूर्ण रहा। पैक्स वोटर लिस्ट में नाम में अशुद्धि के कारण कई जगह वोटरों को मतदान से वंचित रखा गया। रामपुर में मध्य विद्यालय के मतदान केंद्र पर पुरुष की जगह महिला का नाम तो महिला की जगह पुरुष का नाम दर्ज था तो खेतलपुर उर्दू मध्य विद्यालय मतदान केंद्र पर एक महिला का वोट पहले हीं गिर चुका था। औराई पैक्स के लिए मध्य विद्यालय उर्दू में दो उम्मीदवार के समर्थकों के बीच हल्की झड़प हुई। सर्वाधिक मतदान भलुरा पैक्स के लिए 74 फीसद हुआ। पर्यवेक्षक मनोरंजन वर्मा ,एसडीओ पूर्वी डॉ कुंदन कुमार, निर्वाची पदाधिकारी विनोद कुमार प्रसाद, थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार यादव ने अधिकतर बूथों पर जायजा लिया।
कटरा : प्रखंड के 21 पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्य के चुनाव के दौरान पर्यवेक्षक डीसीएलआर स्वप्निल, निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र कुमार व थानाध्यक्ष सिकन्दर कुमार ने बूथों का निरीक्षण कर मतदान का जायजा लिया। निर्वाची अधिकारी ने बताया कि गुरुवार कीे सुबह 8 बजे से आठ टेबुल पर मतगणना शुरू होगी। धनौर से विनोद कुमार निर्विरोध निर्वाचित किए जा चुके हैं। गायघाट : चुनाव के मद्देनजर उपविकास आयुक्त प्रेक्षक राजीव रंजन शुधाशु व एएसपी अमितेश कुमार ने गायघाट के विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लिया। गायघाट बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि 82 मतदान केंद्रों पर 328 मतदान कर्मी द्वारा चुनाव कराया गया। गायघाट प्रभारी थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार तिवारी और बेनीबाद ओपी प्रभारी राम विनय कुमार दलबल के साथ गश्ती करते दिखे। देर शाम तक प्रखंड कार्यालय स्थित किसान भवन के समीप स्ट्राग रूम में बैलेट बॉक्स जमा करने का सिलसिला जारी था।