स्वधार गृह कांड : आरोपित अफसाना की कुर्की की अर्जी पर संपत्ति का ब्योरा पेश करने आदेश
विशेष कोर्ट ने उसकी संपत्ति का ब्योरा पेश करने का आदेश दिया है। यह ब्योरा पेश करने के बाद ही कोर्ट इस अर्जी पर कोई आदेश जारी करेगा।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। स्वधार गृह कांड की आरोपित अफसाना के फरार रहने की स्थिति में उसकी संपत्ति की कुर्की के लिए अर्जी दाखिल की गई है। यह अर्जी मामले की जांच कर रही महिला थानाध्यक्ष की ओर से दायर की गई है। इस अर्जी पर सुनवाई के बाद विशेष कोर्ट ने उसकी संपत्ति का ब्योरा पेश करने का आदेश दिया है। यह ब्योरा पेश करने के बाद ही कोर्ट इस अर्जी पर कोई आदेश जारी करेगा।
यह है मामला
सेवा संकल्प एवं विकास समिति की ओर से कल्याणी के निकट स्थित स्वधार गृह से 11 महिलाएं व चार बच्चे लापता हैं। इस मामले में ब्रजेश ठाकुर व मधु सहित अन्य आरोपित हैं। अफसाना का मधु से निकट का संबंध रहा है। पुलिस उसे तलाश रही है। बालिका गृह मामले में दोषी करार दिए गए ब्रजेश व मधु दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं। तिहाड़ जेल जाकर पुलिस दोनों से पूछताछ करने वाली है। स्वधार गृह से लापता हुई महिलाओं व बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस को आशंका है कि स्वधार गृह का संचालन कागज पर किया जा रहा था। यह सब सरकारी अनुदान में मिली राशि के बंदरबांट के लिए किया जाता था।
दंपती हत्याकांड : आरोपित नीतेश व सौहैल को रिमांड पर लेगी पुलिस
ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के ज्ञानलोक मोहल्ले में हुए दंपती हत्याकांड के आरोपित नीतेश कुमार व मो.सोहैल को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लेगी। इसके लिए पुलिस ने अर्जी तैयार कर ली है।
सोमवार को अर्जी तैयार करने में देरी होने के कारण इसे कोर्ट में दाखिल नहीं किया जा सका। मंगलवार को इस अर्जी के कोर्ट में दाखिल किए जाने की संभावना है। दोनों आरोपित इस समय न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। नीतेश व एक अन्य आरोपित राकेश कुमार की जमानत अर्जी सीजेएम कोर्ट पहले ही खारिज कर चुका है।
यह है मामला
सात जनवरी की रात सेवानिवृत्त सहायक निबंधन महानिरीक्षक अजय कुमार शर्मा और उनकी पत्नी रेणु देवी की घर में ही हत्या कर दी गई थी। दंपती की पुत्री के बयान पर अज्ञात के खिलाफ ब्रह्मपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में पुलिस ने साहेबगंज थाना के रामपुर असली के नीतेश कुमार, आशापट्टी परसौनी के मो. सोहैल और मकरी टोला के राकेश कुमार को गिरफ्तार किया।