मुजफ्फरपुर के कुढऩी सीओ व राजस्व कर्मचारी समेत तीन पर प्राथमिकी का आदेश, जानें क्या लगा आरोप
कुढऩी थाने तुर्की ओपी प्रभारी को डीसीएलआर पश्चिमी ने भेजा पत्र। जमाबंदी में छेड़छाड़ करने का लगा आरोप शिकायत पर डीएम ने दिया कार्रवाई का आदेश।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जमाबंदी में छेड़छाड़ करने के मामले में कुढऩी अंचलाधिकारी रंभू ठाकुर समेत तीन कर्मी लपेटे में आ गए हैं। राजस्व कर्मचारी व सीओ पर गंभीर आरोप सिद्ध होने के बाद जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने संज्ञान लिया और प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी किया है। डीएम के पत्र के आलोक में भूमि सुधार उप समाहर्ता पश्चिमी ने पत्र जारी कर कुढऩी थाने के तुर्की ओपी प्रभारी को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।
इस बाबत दाखिल परिवाद में सुनील कुमार ने आरोप लगाया था कि बिना किसी सक्षम प्राधिकार के आदेश के उनकी जमाबंदी का सृजन दूसरे व्यक्ति के नाम कर दिया गया। इसकी जांच कराई गई। पाया गया कि राजस्व कर्मचारी शत्रुघ्न राम, अश्विनी कुमार ने बगैर किसी सक्षम पदाधिकारी के आदेश के जमाबंदी में छेड़छाड़ किया है। यह अनियमितता एवं गैरविधिक कृत्य है। अंचलाधिकारी रंभू ठाकुर ने इस संदर्भ में कोई अनुश्रवण नहीं किया। इसलिए ये तीनों दोषी हैं। इन सभी को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
सुर्खियों में रहे रंभू ठाकुर
रंभू ठाकुर पूर्व में मुशहरी के सीआइ थे। पदोन्नति के बाद उन्हें कुढऩी का सीओ बनाया गया। लेकिन अपनी गतिविधियों की वजह से लगातार सुर्खियों में रहे हैं। बता दें कि हाल ही में मुशहरी के तत्कालीन अंचलाधिकारी दीपेंद्र भूषण समेत तीन कर्मियों पर आरोप प्रपत्र क गठित किया गया है। तत्कालीन अंचल निरीक्षक के रूप में मुशहरी रंभू ठाकुर पर भी कार्यवाही के दायरे में आए हैं।