संतुलन खोने के कारण पेड़ से टकराया बाइक सवार युवक, मौत
हादसे में बाइक सवार की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। मृतक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के सिसवा बहुअरवा गांव निवासी मनोज पासवान के रूप में की गई है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। पश्चिम चंपारण में सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना नरकटियागंज-बेतिया मुख्य पथ पर साठी थाना क्षेत्र के हीछोपाल गांव के पास हुई। इस दौरान बाइक सवार पेड़ से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। मृत युवक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के सिसवा बहुअरवा गांव निवासी मुन्नी पासवान के पुत्र मनोज पासवान के रूप में की गई है, जिसकी उम्र करीब 30 वर्ष है।
मिली जानकारी के अनुसार, वह घर से साठी जा रहा था। वहां पर वह किसी कुटीर उद्योग में काम करता था। कुछ लोग साठी क्षेत्र में ही उसकी ससुराल भी बता रहे हैं। वहां से लौटने या जाने के कम में घटना घटी। संतुलन खोने के कारण वह पेड़ से जा टकराया। वह अकेला ही जा रहा था। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना साठी पुलिस को दी है।
सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने घटना की सूचना युवक के परिजन को दी जहां उसके परिजन भी पहुंच गए। घटना के बाद युवक के परिजन का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजन को सौंप दिया। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया।