पश्चिम चंपारण में जदयू नेता की चिमनी की दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत, दो घायल
यह घटना जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के बलिरामपुर गांव में हुई, घायलों का इलाज एमजेके अस्पताल बेतिया में हो रहा है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पश्चिम चंपारण में ईट चिमनी का दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना गुरुवार को जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के बलिरामपुर गांव स्थित सन ब्रिक उद्योग नामक चिमनी पर हुई जहां चिमनी की 20 इंच मोटी दीवार गुरुवार की सुबह अचानक गिर गई। इस कारण दीवार में दबकर वहां पर काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के चनायनबान बलिरामपुर निवासी प्रयाग पासवान (45 वर्ष) के रूप में की गई है।
चिमनी जदयू नेता शत्रुघ्न प्रसाद कुशवाहा की बताई जा रही है। वे जदयू किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष भी हैं। जबकि घायलों में बलरामपुर निवासी हरेंद्र राम व महुआवा निवासी धनेश साह का इलाज एमजेके अस्पताल बेतिया में हो रहा है। दोनों की स्थिति गंभीर बताई गई है। घटना को लेकर चिमनी पर अफरातफरी का माहौल है। घटना की सूचना पर पहुंचे मझौलिया थानाध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता मामले की जांच में जुट गए हैं। बताया जाता है कि कुछ मजदूर चिमनी के मियानी से ईट निकालने के लिए रास्ता बना रहे थे।
इसी दौरान 20 इंच मोटी कच्ची दीवार गिर गई। इसमें कई मजदूर दब गए। आनन-फानन में दीवार में दबे मजदूरों को निकाला गया। लेकिन, तब तक प्रयाग पासवान की मौत हो चुकी थी। घटना को लेकर वहां अफरा-तफरी मच गई। चिमनी में काम करने वाले मजदूरों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। लोग अपने अपने परिजनों को खोजने लगे। घटना की सूचना मिलते ही मझौलिया थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। जबकि, घायलों को इलाज के लिए एमजेके अस्पताल बेतिया भेजवाया।