133 माध्यमिक विद्यालय बनेंगे स्मार्ट, प्रशिक्षण लेने गए अधिकारी व शिक्षक Muzaffarpur News
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद जिले के शिक्षकों को करेंगे स्मार्ट। राज्य में स्मार्ट क्लासेज के लिए 3106 विद्यालय किए गए चयनित। टीवी प्रोजेक्टर क्रय करने के लिए राशि आवंटित।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले के माध्यमिक 133 विद्यालयों को स्मार्ट बनाया जाएगा। स्मार्ट क्लासेज से बच्चे स्मार्ट बनेंगे। राज्य सरकार ने जिले के स्मार्ट क्लासेज के प्रत्येक विद्यालय को टीवी, प्रोजेक्टर आदि क्रय करने के लिए 90000 रुपये आवंटित कर दिए हैं। संबंधित विद्यालयों के खाते में इसे भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य में स्मार्ट क्लासेज के लिए 3106 माध्यमिक विद्यालयों को चयनित किया गया है। उन्नयन बिहार कार्यक्रम के तहत जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश पर जिलास्तरीय कार्यान्वयन के प्रशिक्षण के लिए एक दल का गठन किया गया है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्वशिक्षा अभियान, अमरेंद्र पांडेय सहित अन्य शिक्षकों को इसमें शामिल किया गया है। बांका जिले में इनको ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षित होने के बाद जिले के स्मार्ट विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। सर्व शिक्षा अभियान संभाग प्रभारी सुजीत कुमार ने ये जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पिछले साल बांका जिले में माध्यमिक विद्यालयों को डिजिटल किया गया। डिजिटल क्लास (स्मार्ट क्लास) का पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कार्यक्रम शुरू किया गया।
इससे बांका जिले में माध्यमिक शिक्षा में परिवर्तन आया। वित्तीय वर्ष 2019-20 में बांका का प्रयोग अन्य राज्यों में शिक्षा का आइकॉन बनेगा। वहां 25 जून से 3 जुलाई 2019 तक प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इसमें शामिल होने के लिए जिले से छह सदस्यीय टीम रवाना हो गई है। मौके पर बिहार शिक्षा परियोजना कार्यालय में पदाधिकारी एवं संभाग प्रभारी मौजूद थे।