समस्तीपुर में भूमि विवाद में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, प्राथमिकी दर्ज Samastipur News
पटोरी थाना क्षेत्र के हसनपुर सूरत गांव के शर्मा टोले की घटना। प्राथमिकी दर्ज नौ लोग नामजद। सभी फरार चल रही छापेमारी।
समस्तीपुर, जेएनएन। पटोरी थाना क्षेत्र के हसनपुर सूरत गांव के शर्मा टोले के तारकेश्वर शर्मा (70) की भूमि विवाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। पुलिस जांच में जुटी थी।
घटना की बाबत वृद्ध की पतोहू सुलेखा देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसमें पड़ोसी ओमप्रकाश शर्मा, उसकी पत्नी, पुत्र व पुत्री समेत नौ लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए समस्तीपुर भेज दिया गया।
बताया गया कि तारकेश्वर शर्मा तथा उनके पड़ोसी ओमप्रकाश शर्मा के बीच कोर्ट में भूमि विवाद चल रहा है। उसी विवादित भूमि पर ओमप्रकाश शर्मा आदि द्वारा सोमवार सुबह गड्ढ़ा खोदा जा रहा था। तारकेश्वर शर्मा विरोध करने पहुंचे। बात बढऩे के बाद दोनों पक्ष मारपीट पर उतर आए। दूसरे पक्ष ने डंडे, पत्थर और खंती से हमला कर तारकेश्वर को जख्मी कर दिया। गिर जाने के बाद छाती पर चढ़कर पिटाई की। बाद में स्वजनों ने पटोरी अनुमंडलीय चिकित्सालय में पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि वृद्ध के शरीर पर किसी तरह के जख्म के निशान नहीं थे। अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी थी। सभी फरार हैं।