समस्तीपुर के बिथान में ठंड के प्रभाव से पति-पत्नी की मौत, परिवार में मचा कोहराम Samastipur News
समस्तीपुर के बिथान प्रखंड में ठंड के प्रभाव से एक वृद्ध दंपती की मौत हो गई। पति-पत्नी की एक साथ मौत को लेकर कोई इसे ईश्वर की महिमा बता रहा था तो कोई पिछले जन्म का पुण्य बता रहा।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले के बिथान प्रखंड की उजान पंचायत के पड़री में ठंड के प्रभाव से देर शाम पति पत्नी की मौत हो गई। इससे परिवार सहित गांव में कोहराम मच गया। पति पत्नी की एक साथ मौत की खबर चर्चा का विषय बन गई। कोई इसे ईश्वर की महिमा बता रहा था तो कोई पिछले जन्म का पुण्य।
गुरुवार की सुबह 66 वर्षीय युवो मुखिया और उनकी पत्नी 62 वर्षीया पत्नी मिंता देवी सामान्य दिनों की तरह ठीक थे। शाम चार बजे के बाद दोनों ने बारी बारी से ठंड लगने और ठिठुरन होने की बात की। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी। घर वाले ग्रामीण की सहायता से सामुदायिक अस्पताल लेकर भागे, लेकिन दोनों ने रास्ते में ही एक बाद एक कर दम तोड़ दिया।
बताया गया कि पहले पति की मौत हुई। अभी वे लोग उन्हें देख ही रहे थे कि पत्नी की भी मौत हो गई। ग्रामीण दोनों के शवों को रास्ते से ही लेकर घर वापस हो गए।
युवो मुखिया के दो बेटे रामचंद्र यादव, शत्रुघ्न यादव और दो बेटियां सुशीला और संजू हैं। सभी की शादी हो चुकी है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही।
इधर स्थानीय मुखिया जयंती देवी ने बताया कि पति पत्नी की ठंड से मौत की सूचना मिली है। पीड़ित परिवार को सभी आवश्यक सुविधाएं दी जाएंगी।
वहीं बिथान प्रखंड विकास पदाधिकारी आफताब आलम ने कहा कि घटना की सूचना मिली है, पीड़ित परिवार के बारे में जानकारी ली जा रही है। उन्हें उचित सुविधा और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस घटना के बारे में बिथान थानाध्यक्ष संतोष कुमार बोले कि ग्रामीण से पति पत्नी की ठंड से मौत की सूचना मिली है। हमलोग पूरी जानकारी ले रहे।