बैंकिंग सेक्टर में बढ़ रही महिलाओं की संख्या
महिलाओं को सशक्त किए बिना समाज सशक्त नहीं हो सकता।
मुजफ्फरपुर । महिलाओं को सशक्त किए बिना समाज सशक्त नहीं हो सकता। महिलाएं हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। ये बातें बैंक ऑफ इंडिया महिला शाखा में आयोजित समारोह में बीओआइ ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त महासचिव डॉ. अच्युतानंद ने कहीं। उन्होंने बैंक द्वारा महिला एवं युवतियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मगर, कई ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें महिलाओं की हिस्सेदारी काफी कम है। इसमें सुधार की आवश्यकता है। मौके पर बैंक के जीएम एके बलियार सिंह, डॉ. ममता रानी, उदय शंकर प्रसाद, डॉ. विजय लक्ष्मी दास आदि ने विचार व्यक्त किए। शाखा प्रबंधक शारदा ने अतिथियों का स्वागत किया। उप शाखा प्रबंधक प्रिया कुमारी ने संचालन किया। शाखा द्वारा महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।