Madhubani News: अब निकटवर्ती जिले के पैनल से भी होगा कार्यपालक सहायक का नियोजन
Madhubani News जिस जिले के पास अपना पैनल नहीं वह जिला अपने प्रमंडल के निकटवर्ती जिले के पैनल से कर सकते हैं कार्यपालक सहायक का नियोजन। बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी ने नई व्यवस्था को किया अनुमोदित। पंचायती राज विभाग के निदेशक ने जिला पदाधिकारियों को जारी किया पत्र।
मधुबनी, जेएनएन। कार्यपालक सहायक पद पर नियोजन अब निकटवर्ती जिले के पैनल से भी किया जा सकता है। बशर्ते ऐसे जिले के पास कार्यपालक सहायक के पद पर नियोजन के लिए अपना पैनल नहीं हो। जिन जिलों में कार्यपालक सहायक पद पर नियोजन के लिए पैनल नहीं है, वह जिला अपने प्रमंडल क्षेत्र के अधीन के निकटवर्ती जिले के पैनल से कार्यपालक सहायक के पद पर नियोजन कर सकता है। इससे अब उन जिलों में भी कार्यपालक सहायक के पद पर नियोजन का रास्ता साफ हो गया है, जिनके पास इस पद पर नियोजन के लिए अपना पैनल नहीं था।
इस संबध में पंचायती राज विभाग के निदेशक चन्द्रशेखर सिंह ने सूबे के सभी जिला पदाधिकारियों को पत्र जारी कर दिया है। इस पत्र के माध्यम से जिला पदाधिकारियों को सूचित किया गया है कि बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के अंतर्गत जिलों में कार्यपालक सहायक का पैनल नहीं रहने की स्थिति में अंतरिम व्यवस्था के रुप में कार्यहित में संबंधित प्रमंडल के निकटवर्ती जिले के पैनल से कार्यपालक सहायक का नियोजन किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया है।
पंचायती राज विभाग के निदेशक ने उक्त अनुमोदन के आलोक में जिला पदाधिकारियों से अनुरोध किया है कि ग्राम पंचायत कार्यपालक सहायक एवं प्रखंड कार्यपालक सहायक के रिक्त पदों पर नियोजन के लिए अपने स्तर से नियोजन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जाए। गौरतलब है कि उक्त निर्णय सूबे के मुख्य सचिव सह अध्यक्ष-शासी परिषद की अध्यक्षता में आयोजित बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी की शासी परिषद की 27 वीं बैठक में लिया गया है। इस बैठक की कार्यवली बिंदु-03 में स्पष्ट किया गया है कि बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के अंतर्गत जिलों में कार्यपालक सहायक का पैनल नहीं रहने की स्थिति में अंतरिम व्यवस्था के रुप में कार्यहित में संबंधित प्रमंडल के निकटवर्ती जिले के पैनल से कार्यपालक सहायक का नियोजन किए जाने का प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया है।