अब पंचायत के विकास के लिए मिलेगी इतने करोड़ की राशि
पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा प्रखंड के बकुली पचगांवा पंचायत मंगलवार को ओडीएफ हो गया। ओडीएफ होने से अब पंचायत के विकास की गति तेज होगी।
मुजफ्फरपुर (जेएनएन)। पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा प्रखंड के बकुली पचगांवा पंचायत मंगलवार को ओडीएफ हो गया। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए बीडीओ प्रणव कुमार गिरी ने बताया कि ओडीएफ होने से पंचायत का विकास गति अब और तेज हो जाएगा। ओडीएफ हो जाने से विकास के बहुत सारे मार्ग खुल जाते हैं। अब इस पंचायत को दो करोड़ रुपया विकास मद में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के निष्पादन हेतु निर्गत किया जाएगा।
मनरेगा का कार्य होगा शुरू
वहीं कार्यक्रम में उपस्थित कार्यक्रम पदाधिकारी अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि अब पंचायत के चौतरफा विकास का रास्ता खुल गया। स्वच्छता के साथ ही स्वस्थता का वास होता है। मनरेगा के द्वारा इस पंचायत में अब दो करोड़ के आवंटन का मार्ग खुल जाने के साथ ही यहां मनरेगा का रूका हुआ काम भी अब चालू हो जाएगा।
मुर्गी शेड व पशु शेड का निर्माण
श्री उपाध्याय तीस लाख के पक्का कार्य कराए जाने की बात दुहराई । वहीं ग्रामीणों को मनरेगा के कार्यों के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि अगर ग्रामीण इच्छुक होंगे तो उन्हें सरकार के खर्चे से मुर्गी पालन में सहयोग करते हुए मुर्गी शेड, पशुपालन के लिए पशु शेड इत्यादि का निर्माण कराया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति इस काम के लिए कभी भी हमसे संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए किसी बिचौलिया को लाने की आवश्यकता नहीं है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया उदय प्रकाश ने ग्रामीणों के प्रति आभार प्रकट करते हुए उन्हें अपने व्यवहार परिवर्तन का अपील किया तथा शौचालय का उपयोग करने के फायदा भी बताए। इस अवसर पर लोहिया स्वच्छता बिहार अभियान के संयोजक मदन कुमार अस्थाना एवं जीविका समूह के तमाम कार्यकर्ता उपस्थित थे।