यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 20, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
West Champaran: अब पंजीकृत दुकानों से ही होगी एमडीएम सामग्री की खरीद, होगा डिजिटल भुगतान
West Champaran पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की कार्यशाला में सभी शिक्षकों को दी गई जानकारी अब बच्चों को प्रतिदिन ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण (बगहा), जासं। कोरोना संकट के कारण मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों को भोजन के बदले चावल व बैंक खाते के माध्यम से दाल व सब्जी के लिए रुपये दिए जा रहे। लेकिन, जल्द ही बच्चों को स्कूल में ही नाश्ता व भोजन मिलने लगेगा। सरकार के आदेश के आलोक में विद्यालयों का एमडीएम खाता बंद कर दिया गया तथा एचडीएफसी बैंक में नये सिरे से खाता खोला गया है। अब, मध्याह्न भोजन के लिए जो भी सामग्री खरीदी जाएगी उसका अब नगद भुगतान नहीं होगा।
पंजीकृत दुकानों से दाल, सब्जी समेत अन्य सामग्री की खरीद होगी तथा वाउचर को एक विशेष ऐप में अपलोड किया जाएगा। जिसकी जांच विभाग के वरीय अधिकारी करेंगे। तदुपरांत बैंक से स्वत: दुकानदार के खाते में भुगतान हो जाएगा। नई व्यवस्था में बच्चों को मध्याह्न भोजन के पूर्व स्कूल पहुंचते ही पोषक तत्वों से भरपूर नाश्ता भी दिया जाएगा। पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत जल्द ही यह व्यवस्था नए सिरे से सभी सरकारी स्कूलों में प्रभावी हो जाएगी। डिजिटल भुगतान से शिक्षकों पर लगने वाले आरोपों पर विराम लगेगा। बता दें कि वर्तमान व्यवस्था के तहत कोविड संकट के पूर्व तक एमडीएम मद के खाते में आवंटित राशि से एमडीएम के लिए सामग्री की खरीद प्रधान शिक्षक करते थे। इसमें बच्चों की उपस्थिति में घालमेल कर अधिक खर्च की बात सामने आती रहती थी। जिससे विभाग की खूब किरकिरी होती थी। व्यवस्था बदलने के बाद शिक्षक सिर्फ खरीदारी करेंगे, वरीय अधिकारियों की जांच के बाद स्वत: दुकानदारों को भुगतान प्राप्त हो जाएगा।
--
एमडीएम का वर्तमान मेनू
सोमवार --- चावल, मिश्रित दाल व हरी सब्जी
मंगलवार ---जीरा चावल, सोयाबीन आलू की सब्जी
बुधवार --- हरी सब्जीयुक्त खिचड़ी, चोखा व मौसमी फल
गुरुवार --- चावल, मिश्रित दाल व हरी सब्जी
शुक्रवार ---पुलाव, काबुली या लाल चने का छोला, सलाद, अंडा व मौसमी फल
शनिवार ---हरी सब्जीयुक्त खिचड़ी, चोखा व मौसमी फल
विशेष कार्यशाला में दी गई नवीन योजना की जानकारी
शनिवार को बगहा दो प्रखंड संसाधन केंद्र परिसर में पोषण शक्ति योजना की जानकारी देने के लिए शिक्षकों की विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन बीईओ जनार्दन प्रसाद निराला, बीईओ अतिरिक्त विजय कुमार यादव, शिक्षक मनोज कुमार झा, एमडीएम डीआरपी शशि कुमार, एमडीएम प्रभारी संतोष प्रसाद, बीआरपी शैलेंद्र कुमार आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
दो सत्रों में आयोजित इस कार्यशाला में प्रशिक्षक सह शिक्षक मनोज कुमार झा ने शिक्षकों को बताया कि पारदर्शिता बनाए रखने में नई पहल बेहद कारगर है। शिक्षक पंजीकृत दुकानों से एमडीएम के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद करेंगे तथा उसका वाउचर विभाग के विशेष ऐप पर अपलोड करेंगे। यह ऐप मोबाइल फोन के माध्यम संचालित होगा। जिसके बाद वरीय अधिकारी वाउचर की समीक्षा करेंगे। इसके बाद भुगतान की अनुमति मिलते ही बैंक से सीधे दुकानदार के खाते में राशि स्थानांतरित हो जाएगी। इस मौके पर शिक्षक प्रदीप मणि मिश्रा, पवन कुमार, नंदकिशोर प्रसाद समेत अन्य मौजूद थे।
