जिले में कोरोना का एक भी पॉजिटिव केस नहीं : डीएम
जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि अब तक की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिले में कोरोना का एक भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है।
मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि अब तक की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिले में कोरोना का एक भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है। दिल्ली के तब्लीगी मरकज से संबंधित शुरू में मिली 15 लोगों की सूची में सकरा के 12, मिठनपुरा के एक और काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के दो व्यक्तियों के नाम शामिल थे। इन सभी पर नजर रखी जा रही है। इसमें किसी में कोरोना का कोई लक्षण नहीं पाया गया है। ये सभी होम क्वारंटाइन पर हैं। इसके बाद पुन : 248 लोगों की सूची मिली है। इनके लिए प्रखंड स्तर पर संपर्क किया जा रहा है। ये सभी 11 से 17 मार्च के बीच में यहां आए थे। इनकी स्क्रीनिग की जा रही है। अगर कोई लक्षण पाया जाता है तो अग्रतर कार्रवाई की जाएगी। इधर, 18 से 22 मार्च के बीच विदेशों से आने वालों के भी नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें बचे लोग अभी राज्य से बाहर बताए जा रहे हैं।
5133 श्रमिकों के खाते में जाएगा एक-एक हजार : डीएम ने कहा कि राज्य से बाहर के प्रवासी श्रमिकों को भी एक हजार रुपया प्रति श्रमिक खाते में डालने का सरकार ने निर्णय लिया गया है। इसके आलोक में जिले में 5133 श्रमिक हैं। जिला प्रशासन इनकी फोटो व आधार कार्ड का सत्यापन करा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से अब तक 13 हजार 460 लोग जिले में आए हैं। इसमें 690 को अभी 14 दिन नहीं हुआ है। अन्य सभी रिस्क जोन से बाहर हैं। सरकार ने निर्देश पर 22 मार्च से अब तक जो लोग बाहर से आए हैं सभी की ट्रैकिग अगले चार दिनों में की जानी है। साथ ही उनकी स्क्रीनिग भी की जाएगी। इनसे संपर्क करने में टीम जुटी है।