उत्तर बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी, किसानों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में अगले 3-4 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)
HighLights
अगले 3-4 दिनों तक उत्तर बिहार में बारिश की संभावना।
तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) और बिजली गिरने का अनुमान।
किसानों को मक्का कटाई, लीची तुड़ाई पर विशेष ध्यान दें।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। अगले तीन से चार दिनों उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।
बारिश 10 से 25 मिमी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले तीन से चार दिनों तक उच्च तापमान, हवा में अधिक नमी और अनुकूल मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से बारिश होने की संभावना है।
वर्षा के समय तेज हवा चल सकती है। इसकी औसतन रफ्तार से 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का भी अनुमान है। अगले चार दिनों में उत्तर बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
सारण और सिवान में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचेगा। न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच होगा। सामान्य दिनों में 20 से 25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलेगी।
दूसरी ओर मंगलवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। हवा भी चलती रही। बावजूद इसके उमस और गर्मी से लोग परेशान रहे। दिन का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
यह सामान्य से दो डिग्री कम रिकार्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से 4.8 डिग्री कम रिकार्ड हुआ।
मक्का की कटाई और भंडारण करें किसान
मौसम विभाग की ओर से किसानों के लिए सामयिक सुझाव जारी किया गया है। बताया गया है कि किसान मक्का की कटाई और भंडारण के कार्य को प्राथमिकता दें। वर्षा की संभावना को देखते हुए इस कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरतनी की जरूरत है।
परिपक्व लीची की यथाशीघ्र तुड़ाई की जाए। शाही के लीची बागानों में किसी तरह का कोई छिड़काव नहीं किया जाए। वर्षा की संभावना को देखते हुए फसलों में कीटनाशक और उर्वरक का प्रयोग नहीं करें।
उच्च तापमान, वातावरण में अधिक नमी व चक्रवात से गर्मी में पड़ रहे हैं ओले
वरीय मौसम विज्ञानी डा. ए सत्तार ने कहा कि अभी उत्तर बिहार में अधिकतर स्थानों पर तापमान काफी ज्यादा पहुंच गया है। कहीं - कहीं सामान्य से पांच डिग्री अधिक तापमान पहुंचा है।
उच्च तापमान, हवा में अत्यधिक नमी और अनुकूल मौसम परिस्थितियों के कारण स्थानीय चक्रवात बन रहे हैं। जमीन से लेकर वायुमंडल तक तेजी से मौसम में बदलाव हो रहा है।
इससे नतीजतन गर्मी के दिन में ओले पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार में बारिश की स्थिति एक जैसी नहीं हो सकती है। किसी स्थान से एक किलोमीटर अलग भी बारिश का स्तर बदल सकता है, लेकिन तापमान में ऐसा नहीं होता है।
