कुढ़नी प्रखंड प्रमुख की कुर्सी गई, सदन ने अविश्वास प्रस्ताव पर लगाई मुहर
हाई कोर्ट के निर्देश पर शनिवार को कुढ़नी प्रखंड पंचायत समिति की विशेष बैठक प्रखंड कार्यालय तुर्की के सभागार में हुई। अध्यक्षता उप प्रमुख उषा सिंह ने की।
मुजफ्फरपुर। हाई कोर्ट के निर्देश पर शनिवार को कुढ़नी प्रखंड पंचायत समिति की विशेष बैठक प्रखंड कार्यालय तुर्की के सभागार में हुई। अध्यक्षता उप प्रमुख उषा सिंह ने की। सदन में प्रमुख निलोफर यास्मीन के खिलाफ दिए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की। इस पर सदन ने मुहर लगा दी। प्रस्ताव पारित होते प्रमुख कुर्सी से बेदखल हो गईं। सदन की कार्यवाही पर्यवेक्षक सह डीसीएलआर पश्चिमी की मौजूदगी में शुरू हुई। कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ संजीव कुमार ने हाई कोर्ट के निर्देश को सदन के पटल पर रखा। संक्षिप्त बहस में दौरान प्रमुख ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। बता दें कि 54 सदस्यीय पंचायत समिति में से 48 सदस्य सदन में मौजूद थे। सदस्यों की माग पर मत विभाजन कराया गया। इसके लिए गुप्त मतदान की प्रक्रिया अपनाई गई। मतदान के बाद वोटों की गिनती की गई। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 31 व विरोध में 15 वोट पड़े। इस तरह प्रमुख निलोफर यास्मीन अपनी कुर्सी नहीं बचा सकीं।
बता दें कि इससे पहले भी विगत माह सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी। उस समय प्रमुख सदन में मौजूद नहीं थी। उनकी गैर मौजूदगी में अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ था। इसको लेकर प्रमुख हाई कोर्ट चली गई थीं। प्रमुख ने कोर्ट को बताया था कि वह कोरोना से संक्रमित थीं। उनका पक्ष सदन में नहीं सुना गया था। हाई कोर्ट ने पूर्व में पारित अविश्वास प्रस्ताव को रद करते हुए पुन: प्रमुख को विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया था। हाई कोर्ट के निर्देश पर पंचायत समिति की बैठक बुलाई गई थी।