BJP के नित्यानंद बोले, UP में जनाधार देख चुनाव से दूर रहेंगे नीतीश
भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यूपी में अपना कोई जनाधार नहीं देख नीतीश वहां चुनाव से दूर रहेंगे।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जनाधार नहीं है, इसलिए उन्होंने चुनाव से पांव खींच लिए हैं। उन्होंने शरद यादव द्वारा वोट की बेटियों से तुलना पर भी एतराज जताया। नित्यानंद ने यह भी कहा कि भाजपा 'मेरा गांव, मेरा देश' की थीम पर काम करेगी। हर कार्यकर्ता अपने गांव को देश के विकास से जोड़कर काम करेगा।
नित्यानंद राय ने आगे बाेला कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी गांवों में गरीबों की झोपडि़यों तक पहुंचाई जाएगी।
उत्तर प्रदेश में नहीं कोई आधार
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लगातार जनाधार घट रहा है। इसी का नतीजा है कि नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश में चुनाव लडऩे से पीछे हट गए। पिछले दिनों वहां सभा कर देख चुके हैं। वहां की जनता की प्रतिक्रिया देखकर ही ऐसा निर्णय लिया है। बिहार की जनता भी उन्हें वोट देकर खुद को ठगा महसूस कर रही है। सूबे में एक बार फिर जंगलराज हो गया है।
शरद ने किया बेटियों का अपमान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव के वोट संबंधी दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वोट और बेटियां दोनों अलग-अलग हैं। उन्हें अपने बयान पर संयम बरतना चाहिए। उन्हें याद करना चाहिए कि बेटियों की इज्जत अलग है और वोट अलग मुद्दा है। मां सीता या द्रौपदी का अपमान करने वालों का परिणाम सब जानते हैं। शरद यादव को भी जनता की ओर से परिणाम मिल जाएगा।