कभी भी गिर सकती नीतीश सरकार
विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्रा ने कहा कि बिहार में जदयू और भाजपा के बीच कुछ भी ठीक नही चल रहा हैं। कभी भी नीतीश सरकार गिर सकती हैं।
मुजफ्फरपुर। विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्रा ने कहा कि बिहार में जदयू और भाजपा के बीच कुछ भी ठीक नही चल रहा हैं। कभी भी नीतीश सरकार गिर सकती हैं। समय से पूर्व विधानसभा चुनाव हो सकता हैं। वे जिला अतिथिगृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। श्री मिश्रा ने कहा कि आगामी चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीट के लिए जदयू और भाजपा के बीच सिर फुटौबल चल रहा हैं। बिहार में डबल इंजन की सरकार फेल हो चुकी हैं। श्री मिश्रा ने कहा कि सीएम द्वारा कांग्रेस पार्टी को डूबती नैया कहे जाने से स्पष्ट हो गया है कि सीएम अवसरवादी की पराकाष्ठा पर पहुंच गए हैं। देश स्तर पर भाजपा के साथ कोई दल आना नही चाहता हैं। बिहार में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। सीएम के विकास का दावा खोखला साबित हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बिहार में 12 लाख आवास बनाने का लक्ष्य था लेकिन अब तक मात्र 32 हजार आवास का निर्माण संभव हो सका हैं। केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली राशि का बिहार में उपयोग नहीं होने से स्पष्ट हो गया है कि नीतीश सरकार सभी मोर्चा पर बिफल साबित हुई हैं। अपनी विफलता को छिपाने के लिए सरकार तरह-तरह की बातें कर रही है। लेकिन, जनता सब कुछ समझ रही है। मौके पर जिलाध्यक्ष शीतलाबंर झा, हिमांशु कुमार, शिवेश झा, विजय कुमार झा भोला, मुकेश कुमार झा पप्पू, ज्योति रमण झा, कुमार रवि, मुशर्रफ अली सहित अन्य मौजूद थे। मौके पर जिप सदस्य रमणजी चौधरी, डौली ठाकुर ने कांग्रेस की सदस्यता स्वीकार की।