पूर्वी चंपारण में दहेज के लिए नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, साक्ष्य को छुपाने के लिए शव जलाया
मृतका की पहचान तुरकौलिया थाना के बिजुलपुर गांव निवासी भिखारी पटेल की पुत्री सत्या के रूप में हुई है। उसकी शादी 2021 में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पानापुर गांव निवासी बागड़ पटेल के पुत्र रंजन पटेल से हुई थी। उस समय से ही दहेज की मांग की जा रही थी।
मोतिहारी, जासं। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पानापुर गांव में बुधवार की रात ससुराल वालों ने दहेज के लिए एक नवविवाहिता की गला दबा हत्या कर दी और आननफानन में शव को भी जला दिया। सूचना पर मृतका के मायके वालों ने गुरुवार की सुबह गांव पहुंच कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतका रंजन पटेल की पत्नी सत्या देवी बताई गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार तुरकौलिया थाना क्षेत्र के बिजुलपुर गांव निवासी भिखारी पटेल की पुत्री सत्या की शादी पिछले वर्ष 2021 में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पानापुर गांव निवासी बागड़ पटेल के पुत्र रंजन पटेल से हुई थी। मायके से पहुंचे लोगों के अनुसार ससुराल वाले दहेज के लिए नवविवाहिता को सदैव प्रताड़ित करते थे। इसी क्रम में उनलोगों ने उसकी गला दबा हत्या कर दी और जल्दी जल्दी शव जलाने के बाद घर छोड़कर फरार हो गए हैं।