मधुबनी के हरलाखी में दहेज नहीं देने पर नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, प्राथमिकी दर्ज Madhubani News
मृतका के पिता के बयान पर दर्ज की गई प्राथमिकी। पिता ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि इसी वर्ष मई में हुई थी शादी। हत्या के बाद ससुराल वाले फरार पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
मधुबनी, जेएनएन। हरलाखी थाना क्षेत्र के महादेवपट्टी में एक नवविवाहिता (22) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका के पिता के लिखित बयान पर थाना में ससुराल वालों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना बुधवार देर शाम की है। घटना के बाद मृतका के ससुराल वाले घर से फरार हैं। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक बाबूबरही थाना क्षेत्र के खोजपुर गांव निवासी गंगा नाथ शर्मा की पुत्री गुड्डी कुमारी की शादी इसी वर्ष 24 मई को महादेवपट्टी गांव निवासी चंदेश्वर ठाकुर के पुत्र वीरेंद्र ठाकुर से हुई थी। शादी के बाद से दहेज के लिए विवाहिता को प्रताडि़त किया जाने लगा। मृतका के पिता ने दिए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि तीन दिसंबर को ससुराल वालों ने सूचना भिजवाई कि 50 हजार रुपया नहीं मिला तो चार दिसंबर को उसकी पुत्री की हत्या कर दी जाएगी।
बुधवार को ही उसके दामाद ने उसे सूचना दी कि उसकी पुत्री मर गई है। जब वे मृतका के ससुराल पहुंचे तो उसका शव बिस्तर पर पड़ा था। पिता ने आवेदन में जिक्र किया है कि पति वीरेंद्र ठाकुर, ससुर चंदेश्वर ठाकुर, जेठ विजय ठाकुर, जेठानी विमला देवी और सास हीरावती देवी ने उसकी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके गले पर कटे का भी चिह्न भी था। इस बाबत थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।