विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीट छात्रा मौत मामला: पटना SSP को मानवाधिकार आयोग का नोटिस, 8 हफ्ते में रिपोर्ट देने के निर्देश

Published: Mon, 16 Feb 2026 12:25 PM (IST)

बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले में संज्ञान लिया है। मुजफ्फरपुर के मानवाधिकार ...और पढ़ें

HighLights

  1. मानवाधिकार आयोग ने नीट छात्रा मौत मामले में संज्ञान लिया।

  2. पटना एसएसपी को आठ सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश।

  3. सीबीआई पहले से ही मामले की जांच कर रही है।

संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। पटना में नीट छात्रा की मौत मामले में बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान ले लिया है। मुजफ्फरपुर जिले के मानवाधिकार मामलों के जानकार मानवाधिकार अधिवक्ता एसके झा के द्वारा बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग में दर्ज याचिका पर सुनवाई करते हुए आयोग ने मामले को अति गंभीर माना है।

आयोग ने मामले में एसएसपी पटना को नोटिस जारी किया है और आठ सप्ताह के भीतर रिपोर्ट की मांग की है। विदित हो कि मृत छात्रा बिहार के जहानाबाद जिले की निवासी थी, जो पटना के मुन्नाचक कंकड़बाग स्थित शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी।

छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जो तथ्य सामने आए, उसने यह स्पष्ट कर दिया कि यह मामला काफी गंभीर आपराधिक कृत्यों से जुड़ा है। मामले में मानवाधिकार अधिवक्ता ने कहा कि शरीर पर चोटों के निशान और अन्य परिस्थितियां जघन्य आपराधिक घटना की ओर इशारा करती है।

उन्होंने आयोग से अवकाश-प्राप्त न्यायाधीश की निगरानी में मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। जिस पर आयोग ने सुनवाई करते हुए एसएसपी पटना को तलब किया है। आयोग में मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी।

CBI कर रही है मामले की जांच

बता दें कि नीट छात्रा मामले की मौत अब सीबीआई कर रही है। रविवार को CBI (केंद्रीय जांच ब्यूरो) की टीम छात्रा के गांव पहुंची थी। सीबीआई के आईजी के नेतृत्व में 20 सदस्यीय टीम ने स्वजन से अलग-अलग पूछताछ कर कई जानकारियां जुटाईं। टीम सुबह 8:40 बजे गांव पहुंची और दोपहर 12:10 बजे तक रुकी, करीब साढ़े तीन घंटे तक पूछताछ की कार्रवाई चलती रही।

सीबीआई अधिकारी प्रिंटर और लैपटॉप साथ लेकर पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान घर में मौजूद कुल छह सदस्यों माता-पिता, दादी, भाई, भाई की पत्नी तथा फुआ से अलग-अलग कमरे में बयान लिया गया।

सीबीआई टीम छात्रा से संबंधित कुछ सामान भी अपने साथ ले गई, जिनमें किताबें, एक चाकू, नेल कटर तथा कुछ कपड़े शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में 17 अप्रैल से शुरू होगी जनगणना की प्रक्रिया, पोर्टल के जरिए नागरिक खुद भर सकेंगे अपनी डिटेल 

यह भी पढ़ें- विधानसभा में सियासी संग्राम: लोजपा (आर) का राजद पर हमला, आरक्षण को लेकर पलटवार से गरमाई राजनीति