Bihar Assembly Election 2020: मतदाता सूची में ऑनलाइन चेक कर सकते नाम, मतदान केंद्रों के सत्यापन का किया जा रहा कार्य
Bihar Assembly Election 2020 आगामी विधानसभा चुनाव में वोट देना चाहते हैं तो मतदाता सूची में आपका नाम होना जरूरी है। नहीं हो आप मताधिकार से वंचित रह सकते हैं।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। आगामी विधानसभा चुनाव में वोट देना चाहते हैं तो मतदाता सूची में आपका नाम होना जरूरी है। नहीं हो आप मताधिकार से वंचित रह सकते हैं। इसके लिए विभाग के वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन अपना नाम चेक कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम है तो ठीक, नहीं तो तुरंत ऑनलाइन आवेदन कर दें। अगर ऑनलाइन आवेदन नहीं दे पाते हैं तो नजदीकी मतदान केंद्र के बीएलओ को आवेदन दे सकते हैं। इसकी जांच कर आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज कर लिया जाएगा और विभाग द्वारा निशुल्क वोटर आइडी मिल जाएगी।
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आवेदक ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन दे सकते हैं। इसकी जांच के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर मतदान केंद्रों के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का भी अभियान चलाया जाएगा।
महिला वोटरों की औसतन संख्या कम होने पर आयोग गंभीर
पिछले साल के चुनाव की तुलना में अब तक मतदाता सूची में मात्र एक फीसद महिला वोटरों की बढ़ोतरी हुई है। इसके मददेनजर आयोग गंभीर है। निर्देश दिया है कि महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने को लेकर अभियान चलाया जाए। वैसी नवविवाहिता जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उनके नाम जोड़े जाएं। मायके से ससुराल आने के बाद वे यहां की निवासी हो जाती हैं। उनका नाम मतदाता सूची में नहीं रहता है। इसलिए वे वोट नहीं दे पाती हैं। इसलिए नवविवाहिता को वोटर बनाने पर जोर दें।
इसके अलावा अन्य महिलाओं का भी पता लगाएं जिनका नाम मतदाता सूची में छूटा है। उनका भी नाम सूची में दर्ज करें। बता दें कि जिले में सात फरवरी 2020 की मतदाता सूची के अनुसार कुल वोटरों की संख्या 31 लाख 91 हजार 640 है। इसमें 14 लाख 87 हजार 780 महिला व 17 लाख तीन हजार 789 पुरुष मतदाता हैं। यानी औसतन जिले में एक हजार पुरुष पर महिला मतदाताओं की संख्या 873 है।