विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में गोशाला चौक पर महिलाओं को सरेआम दौड़ा दौडा कर पीटा

Published: Sun, 06 Sep 2026 11:33 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के गोशाला चौक पर मामूली विवाद में कुछ युवकों ने महिलाओं समेत एक परिवार के सदस्यों को दौड़ा-दौड़ा कर ...और पढ़ें

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर के गोशाला चौक पर महिलाओं को बेरहमी से पीटा गया।

  2. मामूली विवाद के बाद परिवार के सदस्यों पर हमला हुआ।

  3. घटना थाने से कुछ ही दूरी पर हुई, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सहयोगी,  बैरिया (मुजफ्फरपुर)। मिठनपुरा थाने से कुछ ही दूर गोशाला चौक पर कुछ युवकों ने मामूली विवाद में महिलाओं समेत परिवार के लोगों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। इसमें कई लोगों को गंभीर चोट आई है।

घटना के दौरान वहां अफरातफरी मची रही। महत्वपूर्ण यह कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही थाना है। इसके बाद भी महिलाओं को जमीन पर लिटाकर युवक पीटते रहे, मगर उन्हें बचाने कोई नहीं आया।

इस घटना का वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता है। इस वीडियो में महिलाओं को बांस-बल्ले और लात-घूंसे से बेरहमी से पीटा जा रहा है।

घटना की प्राथमिकी को लेकर मिठनपुरा थाना में आवेदन दिया गया है। इसमें सात लोगों को आरोपित किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मामले में मारपीट का आवेदन दिया है।

एक दिन पहले पुलिस को शिकायत करने पर किया हमला

एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में कार्यरत रामेश्वर कुमार ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन उसके दामाद से कुछ युवकों की कहा सुनी हो गई थी। दामाद ने डायल 112 पर फोन किया था।

इसके बाद वहां पुलिस आई। इससे पहले ही आरोपित वहां से भाग गए। शनिवार सुबह सौरव कुमार समेत कुछ लोग आकर धमकाने लगे। कहा, पुलिस को शिकायत किए तो उसकी सजा मिलेगी।

इसके बाद पास से पांच-छह लोग बांस-बल्ला से हमला बोल दिया। पत्नी, भाभी को भी दौड़ा दौड़ा कर पीटा। उसे भी पीटा गया। इससे सिर में गंभीर चोट लगी है। पत्नी के हाथ व पेट में भी चोट लगी है।

सभी का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि दो पड़ोसियों के बीच आपसी विवाद में मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों को आवेदन देने के लिए कहा गया है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।