मुजफ्फरपुर में नहाते समय महिला का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, एक साल तक करता रहा यौन शोषण
मुजफ्फरपुर में एक महिला को नहाते समय वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। आरोपी संजीव पटेल ने एक साल तक उसका ...और पढ़ें

आरोपित को पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रतीकात्मक फोटो
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Woman Blackmail Case: सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला का करीब तीन वर्ष पूर्व नहाते समय वीडियो बना लिया गया।
आरोप है कि इसके बाद वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर सिकंदरपुर निवासी संजीव पटेल करीब एक वर्ष तक महिला का यौन शोषण करता रहा।
महिला के मना करने पर आरोपित उसे वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देता था।
बातचीत बंद करने पर बढ़ी परेशानी
मानसिक रूप से परेशान महिला ने करीब छह महीने पूर्व हिम्मत कर आरोपित से बात करना छोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद संजीव पटेल महिला का वीडियो मुहल्ले के लोगों को दिखाने लगा।
फिर वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर महिला पर दोबारा संबंध बनाने का दबाव बनाया। महिला के तैयार नहीं होने पर आरोपित मंगलवार को उसके घर में घुस गया और शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की।
इसी दौरान महिला के पति वहां पहुंच गए। उन्होंने आरोपित को खींचकर हटाने की कोशिश की तो उसने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पति का गला दबाने का आरोप
आरोप है कि आरोपित ने महिला के पति का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। शोरगुल सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दंपती की जान बची।
मारपीट के दौरान आरोपित ने महिला के गले से सोने का ढोलना भी निकाल लिया और वहां से फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित महिला सिकंदरपुर थाने में शिकायत करने पहुंची।
आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर संजीव पटेल के भाई संतोष पटेल ने दंपती को हत्या की धमकी दी। साथ ही बच्चे के अपहरण की धमकी देने का भी आरोप है।
आरोपित गिरफ्तार, भाई की तलाश
मामला पुलिस के पास पहुंचने के बाद सिकंदरपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। सिकंदरपुर थानाध्यक्ष राकेश मोहन ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपित संजीव पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। धमकी देने के मामले में आरोपित के भाई संतोष पटेल की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
