मुजफ्फरपुर में पैसों के विवाद में महिला की गई जान, बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे को भी पीटा, एक आरोपित गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर के पानापुर ओपी क्षेत्र में पैसों के पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे को भी पीटा गया।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ पुराना विवाद एक महिला की मौत का कारण बन गया। बीच-बचाव करने पहुंचा परिवार भी मारपीट की चपेट में आ गया।
घटना में गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामला पानापुर ओपी क्षेत्र के बड़ा भारती गांव का है।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित राजीव सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
15 अक्टूबर को हुई थी मारपीट
पुलिस के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर की है। पानापुर ओपी अंतर्गत बड़ा भारती गांव में पैसे के लेन-देन के पुराने विवाद को लेकर आरोपितों ने जगतारनी देवी (47) के साथ मारपीट की थी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र अविनाश कुमार और अन्य स्वजन के साथ भी मारपीट की गई। घटना में जगतारनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
चार दिन बाद इलाज के दौरान मौत
मारपीट में गंभीर रूप से घायल जगतारनी देवी को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान 19 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया और पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी।
पुत्र के बयान पर प्राथमिकी
पुलिस ने मृतका के पुत्र अविनाश कुमार के फर्दबयान के आधार पर मीनापुर थाना में पानापुर ओपी से संबंधित कांड दर्ज किया। इसके बाद मामले में नामजद आरोपित राजीव सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी कार्यालय की ओर से गिरफ्तारी की जानकारी दी गई।
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, घटना में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
