Weather Update: उत्तर बिहार को 24 तक नहीं मिलने जा रही ठंड से राहत
पूर्वी और पश्चिम चंपारण में ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों में 9 और 10 की कक्षाएं 20 जनवरी को स्थगित रखने का आदेश दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 16.0 और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
समस्तीपुर, जासं। उत्तर बिहार में मंगलवार को भी ठंड का कहर जारी रहा। दोपहर में धूप खिलने के बाद भी कनकनी से परेशानी बनी रही। पूर्वी और पश्चिम चंपारण में ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों में 9 और 10 की कक्षाएं 20 जनवरी को स्थगित रखने का आदेश दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 16.0 और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा। 19 जनवरी की तिथि में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य रहा।
अभी जारी रहेगी ठंड
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि, पूसा के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और पछिया हवा के कारण ठंड का कहर 24 जनवरी तक जारी रहेगा। इस दौरान सुबह-शाम कुहासा रहेगा। देर से सूर्य प्रकाश निकलेगा। छह से आठ किमी की रफ्तार से पछिया हवा चलेगी। लोग कनकनी वाली ठंड महसूस करेंगे। हालांकि, सूर्य प्रकाश निकलने पर थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विज्ञानी डॉ. ए सत्तार ने कहा कि 24 जनवरी तक अधिकतम तापमान 18 से 20 और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच रहेगा।
खेतों में नमी बनाए रखें
आलू की फसल की नियमित रूप से निगरानी करें। रोग से बचाव के लिए 2.0 से 2.5 ग्राम इंडोफिल एम 45 फफूंदी नाशक दवा का प्रति लीटर पानी की दर से घोल बनाकर छिड़काव करें। अन्य फसलों में नमी बनाए रखें। मक्के की फसल में जरूरत पर ङ्क्षसचाई करें। पशुओं के रखरखाव और खानपान पर विशेष ध्यान दें। हरे चारे शुष्क चारे के मिश्रण के साथ नियमित रूप से 50 ग्राम नमक, पचास से सौ ग्राम खनिज मिश्रण प्रति पशु दाना खिलाएं। दुधारू पशुओं को कैल्शियम की मात्रा दें।