विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Latest Weather Update : उत्तर बिहार में 20 सितंबर तक छाए रहेंगे बादल, रुक-रुककर होगी बारिश, किसानों के लिए खास सलाह

Published: Wed, 16 Sep 2026 10:29 PM (IST)

मुजफ्फरपुर और उत्तर बिहार में 20 सितंबर तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है, जिससे धान की फसल को लाभ ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में 20 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश संभव।

  2. बारिश से धान को लाभ, जलजमाव वाले खेतों से पानी निकालें।

  3. किसानों को अरहर बुआई और फसल निगरानी की सलाह दी गई।

अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। उमस भरी गर्मी के बीच हुई बारिश ने धान के खेतों में हरियाली लौटाने के साथ किसानों को राहत दी है। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 21 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह साफ नहीं होगा।

20 सितंबर तक हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के साथ अधिकांश स्थानों पर छिटपुट बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।

20 तक रुक-रुककर बारिश

डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र के वरीय मौसम विज्ञानी डा. ए. सत्तार ने बताया कि मानसून की सक्रियता बनी हुई है। 20 सितंबर तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बेगूसराय और पश्चिमी चंपारण में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने का अनुमान है।

32 से 35 डिग्री तक रहेगा तापमान

अगले दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री और न्यूनतम 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 80 से 95 प्रतिशत और दोपहर में 55 से 65 प्रतिशत तक रह सकती है। पूर्वी या दक्षिण-पूर्वी हवा आठ से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।

बारिश से धान को फायदा, जलजमाव से नुकसान

पिछले 24 घंटे की बारिश से धान की फसल को पर्याप्त नमी मिली है। हालांकि, जिन खेतों में पानी जमा है, वहां किसानों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। गन्ने के खेतों में भी जलजमाव नहीं रहने देने को कहा गया है।

अरहर की बुआई पूरी करने की सलाह

किसानों को अरहर की बुआई जल्द पूरी करने की सलाह दी गई है। मध्य अवधि वाली फूलगोभी और पत्तागोभी की बुआई भी जारी रखने को कहा गया है। मूंग और उड़द में पीला शिरा मोजेक रोग की नियमित निगरानी जरूरी है। संक्रमित पौधों को उखाड़कर नष्ट करने की सलाह दी गई है।

सब्जियों और पशुओं को लेकर भी सतर्कता

कद्दूवर्गीय फसलों को फल मक्खी से बचाने के लिए प्रति एकड़ ट्रैप लगाने की सलाह दी गई है। पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए पशुशाला के आसपास चूने के पानी का छिड़काव करने को कहा गया है।