विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Muzaffarpur Weather Update : उत्तर बिहार में मौसम का यू टर्न, अब रात को महसूस होगी हल्की ठंड

Published: Sun, 11 Oct 2026 11:37 AM (IST)

Temperature Drop : उत्तर बिहार में अचानक हुई बारिश और तापमान में गिरावट के कारण मौसम का मिजाज बदल गया ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. उत्तर बिहार में अचानक भारी बारिश, मौसम में बदलाव।

  2. तापमान गिरने से रात और सुबह हल्की ठंड बढ़ेगी।

  3. मुजफ्फरपुर में 159.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर । सुबह अचानक बारिश और दिन में तेज धूप, मौसम का यह बदला मिजाज अब रात में ठंड का एहसास बढ़ा सकता है। उत्तर बिहार के जिलों में तापमान में गिरावट के कारण सुबह और देर शाम हल्की ठंड का की संभावना है। 

ऐसे में लोगों को दिन में गर्मी और रात में ठंड के बदलते मिजाज के लिए तैयार रहना होगा। खासकर सुबह जल्दी घर से निकलने वालों और देर शाम लौटने वाले लोगों को मौसम के इस बदलाव का एहसास हो सकता है। मौसम विज्ञानी के अनुसार, अचानक सक्रिय हुए मौसमी सिस्टम के कारण कई जिलों में भारी बारिश हुई है।

तीन जिलों में मौसम का ज्यादा असर

जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र, डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के नोडल पदाधिकारी व वरीय मौसम विज्ञानी डा. ए सत्तार ने बताया कि मौसमी सिस्टम के अति सक्रिय होने से अचानक काफी बारिश हुई। इसका अधिक असर समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में देखने को मिला। तापमान में लगातार गिरावट के कारण ठंड का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।

159.2 मिमी बारिश दर्ज

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मुजफ्फरपुर जिले में 159.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य से काफी अधिक है। बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

सामान्य से काफी नीचे रहा तापमान

जिले में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से सात डिग्री कम दर्ज किया गया। तापमान में इस गिरावट से मौसम का मिजाज बदलने लगा है।

हवा में नमी का स्तर भी अधिक

सुबह सात बजे सापेक्ष आर्द्रता 85 प्रतिशत और दोपहर दो बजे 81 प्रतिशत दर्ज की गई। वाष्पोत्सर्जन 0.7 मिलीमीटर रहा। हवा की गति 4.8 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई और दिशा पुरवा रही। मौसम के इन संकेतों के बीच रात में उत्तर बिहार के जिलों में हल्की ठंड बढ़ने की संभावना है।