इस तरह के मौसम से मुजफ्फरपुर को कब मिलेगी राहत? विभाग ने सबकुछ साफ-साफ बता दिया
Weather Muzaffarpur Bihar 10 जनवरी तक मौसम में उतार चढ़ाव का यह क्रम जारी रहने की संभावना है। विभाग का मानना है कि इसके बाद तापमान स्थिर रहेगा और हो सकता है कि ठंड से लोगों को राहत मिले।
मुजफ्फरपुर, जासं। मौसम का मिजाज कब बदल जाए, कहा नहीं जा सकता। कभी अच्छी धूप निकल आती है तो कभी कड़ाके की सर्दी पड़ने लगती है। यह सबकुछ चल ही रहा था कि अब मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना भी व्यक्त की गई है। कुल मिलाकर मौसम जिस तरह से बदल रहा है उससे लोगों का न केवल दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है वरन स्वास्थ्य पर भी इसका बुरा प्रभाव देखने को मिल रहा है। अस्पताल पहुंचने वालों की संख्या तेजी से बढ़़ रही है। इस विपरीत स्थितियों के बीच एक राहत की खबर आई है। विभाग ने मौसम में बदलाव के बारे में पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने कहा है कि बुधवार का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री कम पाया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बिहार में नौ व 10 जनवरी को बूंदाबांदी के आसार हैं। इससे पहले मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 10 जनवरी के बाद तापमान स्थिर होने की संभावना है और राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तर बिहार में चार किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पछिया हवा चली, जिसके और तेज होने की संभावना है।
बुधवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। दोपहर में हल्की धूप निकलने के बावजूद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री सुधार के बावजूद कनकनी में बढ़ोतरी हुई। लोग ठंड से परेशान रहे। अधिकतम तापमान जहां 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आसमान में छाए रहेंगे बादल, शुष्क रहेगा मौसम
समस्तीपुर : उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही मौसम शुष्क रहेगा। अधिकांश जिलों में 8 व 9 जनवरी के आसपास कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। डा. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग के द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान में यह बात कही गई है। अगले शुक्रवार तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि पूर्वानुमान की अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते है।
वैशाली, सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी तथा पश्चिमी चम्पारण के जिलों में 8-9 जनवरी के आसपास कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बूंदा-बांदी हो सकती है। जबकि अन्य जिले में आमतौर पर मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 7 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है। सिवान, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी तथा पश्चिमी चम्पारण के जिले में 5 जनवरी को पुरवा हवा चलने की सम्भावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 60 से 70 प्रतिशत तथा दोपहर में 30 से 40 प्रतिशत रहने की संभावना है।