Muzaffarpur Weather Forecast: आसमान में बादल छाए रहेंगे , होगी हल्की वर्षा
weather muzaffarpur online उत्तर बिहार के अनेकों स्थान पर हल्की वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा की भी संभावना है। वही इस दौरान 12 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलेगी।
मुजफ्फरपुर, जासं। जिला समेत पूरे उत्तर बिहार में अगले 11 जुलाई तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। हालांकि इस अवधि में उत्तर बिहार में अच्छी वर्षा होने की संभावना नहीं है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार का कहना है कि इस दौरान उत्तर बिहार के अनेकों स्थान पर हल्की वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा की भी संभावना है। वही इस दौरान 12 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलेगी। अधिकतम तापमान 32 डिग्री से 36 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री के बीच रह सकता है। मंगलवार को विभाग के द्वारा रिकॉर्ड अधिकतम तापमान 34.5 एवं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। किसानों को जल संग्रह कर धान की रोपाई प्रारंभ करने एवं सावधानी से अपने फसलों की कटनी एवं तैयारी करने की सलाह दी है।
पश्चिम चंपारण: जिला मुख्यालय समेत कई इलाके में देर रात से झमाझम बारिश हो रही है। लगातार मूसलाधार बारिश देख लोग एकबार फिर शहर में जलजमाव की आशंका से भयभीत है। वहीं पहाड़ी नदियों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि नगर निगम की ओर से नालों की सफाई का कार्य इस बारिश में भी चल रहा है। ताकि शहर को जलजमाव की समस्या से मुक्ति दिलाई जा सके। सभापति कयूम अंसारी ने बताया कि बारिश के पानी की निकासी के लिए जाम नालों की सफाई कराई जा रही है।
दरभंगा : जिले में बुधवार की सुबह आसमान में काले बादल छाए हैं। लोगों ने बारिश के बाद की धूप की तपिश से राहत महसूस की है। लेकिन, बारिश के बाद बाढ़ की खतरनाक स्थिति होने को लेकर भयाक्रांत भी हैं।
शिवहर: जिले में बुधवार की अलसुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। सुबह आठ बजे के बाद मौसम सामान्य हुआ। हल्की धूप खिली है। हालांकि, आसमान में बादल छाए हुए है। मौसम विभाग के अनुसार दिन में भारी बारिश का अनुमान है।