Muzaffarpur Weather: उत्तर बिहार में चार-पांच दिसंबर को बूंदाबांदी की संभावना
दिसंबर माह में दिखेगा मौसम अचानक बदलाव औसतन 8 से 15 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अगले चार दिनों तक पछिया हवा चलेगी। अधिकतम तापमान 24 से 27 व न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
समस्तीपुर, जासं। उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनों में मौसम करवट बदलेगा। आसमान में मध्यम बादल छाए रहेंगे। चार-पांच दिसंबर को बूंदाबांदी हो सकती है। पछिया हवा की गति तेज होने कारण ठंड में भी इजाफा होगा। यह जानकारी डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि, पूसा के मौसम विभाग ने दी है। मंगलवार को 5 दिसंबर तक के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।
हालांकि, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जिले के एक-दो स्थानों पर चार-पांच दिसंबर को बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 24 से 27 और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। औसतन 8 से 15 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अगले चार दिनों तक पछिया हवा चलेगी। इसके बाद पुरबा हवा चलने का अनुमान है। रात और सुबह में हल्का कुहासा छा सकता है। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 55 से 65 प्रतिशत रहने की संभावना है। मंगलवार का अधिकतम तापमान 26.6 और न्यूनतम तापमान 11. 0 डिग्री सेल्सियस रहा।