विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में रेल टैंकर पर चढ़ा युवक, थमा ट्रेनों का परिचालन, 25 हजार वोल्ट की बिजली काटकर बचाई जान

Published: Mon, 14 Sep 2026 08:00 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के नारायणपुर अनंत स्टेशन पर एक मानसिक रूप से बीमार युवक के रेल टैंकर पर चढ़ने से हड़कंप मच ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर के नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन पर रेल टैंकर पर चढ़ा युवक।

मुजफ्फरपुर के नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन पर रेल टैंकर पर चढ़ा युवक।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। दानापुर-जोगबनी इंटरसिटी सोमवार की सुबह मुजफ्फरपुर जंक्शन पर करीब 45 मिनट खड़ी रही। ट्रेन के रुकने से परेशान यात्रियों ने एक्स पर रेलवे से शिकायत भी की।

यात्रियों को उस समय सिर्फ इतना पता था कि ट्रेन समय पर पहुंचने के बावजूद आगे क्यों नहीं बढ़ रही है। बाद में सामने आया कि ट्रेन रोकने के पीछे वजह कोई तकनीकी खराबी नहीं, एक युवक की जान बचाने के लिए की गई तत्काल कार्रवाई थी।

टैंकर पर चढ़ने लगा युवक, मच गई अफरातफरी

घटना मुजफ्फरपुर के नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन की है। बीएचपीसीएल प्लांट में तेल खाली करने के बाद टैंकर की रैक को पांच नंबर लाइन पर खड़ा किया गया था।

इसी दौरान स्टेशन परिसर में घूम रहा एक मानसिक रूप से बीमार युवक टैंकर पर चढ़ने लगा। वह आधा टैंकर पर पहुंच चुका था। तभी आरपीएफ की नजर उस पर पड़ी।

टैंकर के ऊपर ओएचई की 25 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन थी। युवक के करंट की चपेट में आने की आशंका को देखते हुए आरपीएफ ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी।

25 हजार वोल्ट की बिजली बंद कराई

सूचना मिलते ही ओएचई की बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई। इसके बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने युवक को सुरक्षित टैंकर से नीचे उतारा और स्टेशन परिसर से बाहर कर दिया। युवक के नीचे उतरने के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका।

45 मिनट मुजफ्फरपुर में खड़ी रही इंटरसिटी

ओएचई की बिजली बंद होने के कारण मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड पर कुछ देर तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। दानापुर-जोगबनी इंटरसिटी सुबह 8:10 बजे राइट टाइम मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची थी।

पांच मिनट में इसके रवाना होने की तैयारी थी, तभी नारायणपुर अनंत में बिजली बंद होने की सूचना मिली। ट्रेन को करीब 45 मिनट रोकना पड़ा। सुबह 8:55 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ट्रेन को समस्तीपुर की ओर रवाना किया गया।

दो साल पहले करंट से हुई थी युवक की मौत

करीब दो वर्ष पहले शेरपुर रेल समपार फाटक के पास एक युवक मालगाड़ी की छत पर चढ़ गया था। ओएचई के 25 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई थी।

सोमवार को आरपीएफ की सतर्कता से इसी तरह का बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों को भले ही 45 मिनट की देरी दिखाई दी, लेकिन इस देरी के पीछे एक युवक की जान बचाने की कोशिश थी।