मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक ई चालान का 12 सितंबर को होगा निपटारा, सिकंदरपुर स्टेडियम में लोक अदालत
Traffic E Challan Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर स्टेडियम में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा, जहां वाहन ...और पढ़ें

इसके लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त आदेश जारी किया है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Traffic E Challan Muzaffarpur: सिकंदरपुर स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान जिले के वाहन चालकों के लंबित ट्रैफिक ई-चालान का मौके पर ही निपटारा होगा। इस बड़े आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त आदेश जारी किया है।
कड़े सुरक्षा प्रबंध
स्टेडियम परिसर और आसपास के पूरे इलाके को कुल 22 प्रमुख सुरक्षा सेक्टरों में बांटा गया है। मुख्य प्रवेश द्वारों, टोकन काउंटरों, निकास गेटों, पार्किंग और वीआईपी मार्गों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
इसके अलावा लक्ष्मी चौक, कर्बला मोड़, रानी सती मंदिर मोड़ और सिकंदरपुर मोड़ पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात रहेंगे।
सुबह से तैनाती
तैनात किए गए सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी 12 सितंबर की सुबह आठ बजे से लोक अदालत खत्म होने तक ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे।
भीड़ नियंत्रण और सुचारू आवागमन के लिए भवन निर्माण विभाग को मजबूत बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट बनाने के निर्देश मिले हैं।
शहर में वाहनों का दबाव न बढ़े, इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को विशेष यातायात योजना लागू करने का जिम्मा सौंपा गया है।
डिजिटल भुगतान सुविधा
जिला परिवहन पदाधिकारी को परिसर में टेंट, कुर्सियां, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त कंप्यूटर, लैपटॉप और प्रिंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मौके पर जुर्माना भरने के लिए ऑनलाइन यूपीआई और नकद भुगतान दोनों तरह के काउंटर उपलब्ध रहेंगे। किसी भी मेडिकल इमरजेंसी के लिए आयोजन स्थल पर डॉक्टर, पैरामेडिकल टीम, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां मौजूद रहेंगी।
वरिष्ठ अफसर तैनात
पूरे स्टेडियम परिसर की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी की मुख्य कमान एसडीओ पूर्वी और नगर डीएसपी को सौंपी गई है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर अपने ई-चालान का निस्तारण कराएं। लोक अदालत के माध्यम से लोगों को लंबी अदालती प्रक्रिया और भारी जुर्माने से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
