विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में कचरा प्रबंधन को मिलेगा नया आयाम, अब हर दिन खुलेंगे पार्क और लाइब्रेरी

Published: Wed, 12 Aug 2026 11:08 PM (IST)

मुजफ्फरपुर नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर के विकास के लिए पांच महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी ...और पढ़ें

नागरिक सुविधाओं से जुड़े पांच महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति। फाइल फोटो

नागरिक सुविधाओं से जुड़े पांच महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Municipal Corporation: मुजफ्फरपुर नगर निगम कार्यालय सभागार में बुधवार को महापौर निर्मला देवी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की अहम बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में उप महापौर डॉ. मोनालिसा, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह और समिति सदस्यों ने शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े पांच महत्वपूर्ण प्रस्तावों को अपनी स्वीकृति प्रदान की।

अल्ट्रा मॉडर्न डंपिंग स्टेशन

शहर में कचरा निष्पादन को वैज्ञानिक और आधुनिक बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर 'अल्ट्रा मॉडर्न डंपिंग स्टेशन' और ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण का निर्णय लिया गया है।

इसके लिए अधिकारियों को तेजी से उपयुक्त स्थल चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा शहर के सौंदर्यीकरण के तहत रामबाग और नीम चौक के जीर्णोद्धार प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

सड़क पर सामग्री रखने पर सख्ती

चक्कर चौक रोड में नाला निर्माण के दौरान सड़क पर रखे गिट्टी-बालू के कारण हुई दुर्घटना में युवा चिकित्सक की मौत मामले पर संज्ञान लिया गया। महापौर ने नगर आयुक्त को उच्च स्तरीय जांच कर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

निर्णय लिया गया कि बिना सुरक्षा मानकों के सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वाले संवेदकों पर नगर निगम सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा।

सातों दिन खुलेंगे पार्क और लाइब्रेरी

शहर के सभी पार्कों और पुस्तकालयों को अब सप्ताह के सातों दिन खोलने का फैसला लिया गया है। अब तक पार्कों में साप्ताहिक बंदी का अलग-अलग नियम था, जिसे समाप्त कर कर्मचारियों के लिए 'लीव रोटेशन रोस्टर' लागू किया जाएगा। इससे आम नागरिकों और विद्यार्थियों को हर दिन पार्क व लाइब्रेरी की सुविधा मिल सकेगी।

ऑडिटोरियम डीपीआर में सुधार के आदेश

जुब्बा सहनी पार्क के समीप निर्माणाधीन ऑडिटोरियम भवन के डीपीआर में सुधार के लिए उप नगर आयुक्त के नेतृत्व में विशेष कमेटी गठित की गई है। बैठक में पार्किंग व्यवस्था को नाकाफी बताते हुए कम से कम 100 वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित करने को कहा गया।

साथ ही जुब्बा सहनी पार्क की कैंटीन नीलामी का बेस प्राइस संशोधित कर 10,000 रुपये तय किया गया और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम नई एजेंसी को सौंपा गया।