बगहा पहुंचाई जानी थी शराब की खेप, पुलिस की दबिश से मंसूबे पर फिरा पानी
शराब के साथ गिरफ्तार धंधेबाज भिखारी यादव ने पुलिस को दी जानकारी। बगहा चौतरवा व नदी थाना क्षेत्र में की जानी थी शराब की आपूर्ति। यहां बता दे कि जब्त शराब चंडीगढ़ निर्मित है और उसका बिक्री स्थल अरुणाचल प्रदेश है।
पश्चिम चंपारण, जासं। धनहा थाने की पुलिस के द्वारा गंडक नदी से जब्त शराब को धंधेबाज बगहा, चौतरवा व नदी थाना क्षेत्र में आपूर्ति किया जाना था। शराब व नाव के साथ गिरफ्तार नगर थाने के खैरहटवा निवासी भिखारी यादव ने पुलिस को यह जानकारी दी है। पुलिस ने इस मामले में खैरहटवा गांव निवासी भिखारी यादव, मधुबनी निवासी विपिन यादव, अईठहिया निवासी लालसा यादव, चंदरपुर के हरेश कुशवाहा, सोहगीबरवा के जितेन्द्र यादव व मधुबनी के दो अन्य लोगों को नामजद किया है। विदित हो कि बीते 16 जनवरी की रात धनहा थाने की पुलिस ने हलुआईपट्टी गांव के पास गंडक नदी में छापेमारी कर एक नाव पर लदी करीब तीन सौ लीटर देशी व विदेशी शराब जब्त करते हुए एक धंधेबाज भिखारी यादव को गिरफ्तार किया था। जबकि अन्य धंधेबाज अंधेरे का लाभ लेकर फरार हो गए थे। यहां बता दे कि जब्त शराब चंडीगढ़ निर्मित है और उसका बिक्री स्थल अरुणाचल प्रदेश है। उसके बाद भी शराब को यूपी के कई राज्यों से होकर बिहार पहुंच गई।
वन विभाग का वारंटी गिरफ्तार
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के भेडीहारी निवासी निर्मल यादव पिता अकलू यादव को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की देर शाम सुस्ता सीमा के समीप से गिरफ्तार कर लिया।इस बाबत वाल्मीकि नगर थानाध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि यह वन विभाग का वारंटी है । वन विभाग के कांड संख्या 397/ 92 का प्राथमिकी अभियुक्त है। वह वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विवादित सुस्ता नेपाल के रास्ते भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाला है। सूचना पर नाका लगाकर इसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।