विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में स्मार्ट मीटर के डिफरमेंट चार्ज पर बवाल, बिजली कार्यालय में तोड़फोड़ और पथराव

By Keshav KumarEdited By: Ajit kumar
Published: Thu, 23 Jul 2026 12:37 PM (GMT+05:30)

Bihar Smart Meter Deferment Charge: मुजफ्फरपुर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर के डिफरमेंट चार्ज को लेकर उपभोक्ताओं ने बिजली कार्यालय में ...और पढ़ें

तिलक मैदान रोड स्थित विद्युत कार्यालय में गुरुवार को हंगामा।

तिलक मैदान रोड स्थित विद्युत कार्यालय में गुरुवार को हंगामा।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में स्मार्ट मीटर डिफरमेंट चार्ज पर उपभोक्ताओं का विरोध।

  2. बिजली कार्यालय में तोड़फोड़ और पथराव, दो लोग घायल।

  3. बिना सूचना राशि काटने का आरोप, विभाग ने बताया एरियर।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Smart Meter Protest: तिलक मैदान रोड स्थित विद्युत कार्यपालक अभियंता कार्यालय में गुरुवार को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से डिफरमेंट चार्ज कटने के विरोध में उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।

बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया और देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया। इस दौरान कार्यालय में तोड़फोड़ और पथराव किया गया।

हंगामे में कार्यालय के आगे और पीछे लगे शीशे टूट गए। शीशा लगने से दो लोग घायल हो गए। घटना के कारण तिलक मैदान रोड और सरैयागंज टावर के आसपास लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा।

डिफरमेंट चार्ज पर नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बिना किसी पूर्व सूचना के उनके बैलेंस से डिफरमेंट चार्ज के नाम पर बड़ी राशि काट ली गई। कई उपभोक्ताओं के अनुसार दो हजार से लेकर दस हजार रुपये तक की कटौती की गई।

राशि कटते ही कई स्मार्ट मीटरों का बैलेंस माइनस में चला गया, जिससे बिना किसी चेतावनी के घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे नियमित रूप से रिचार्ज कर रहे हैं, इसके बावजूद पुराने बकाये के नाम पर राशि काटी जा रही है।

कार्यालय में जमकर तोड़फोड़

आक्रोशित भीड़ ने विद्युत कार्यालय के शीशे तोड़ दिए और कंप्यूटर ऑपरेटरों के केबिन में घुसकर फाइलों को इधर-उधर बिखेर दिया। पथराव के कारण कार्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।

घटना के दौरान कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कार्यालय परिसर में कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही नगर थाना समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के दौरान प्रदर्शनकारी बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बिजली विभाग ने दी सफाई

विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर से काटी गई राशि मीटर लगने से पहले के लंबित एरियर की है। विभाग के अनुसार इस बकाये की वसूली किस्तों में की जा रही है।

हालांकि, उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग ने राशि काटने से पहले न तो लिखित सूचना दी और न ही डिजिटल माध्यम से कोई जानकारी उपलब्ध कराई। इसी वजह से लोगों में भारी नाराजगी है।