SKMCH में महिला चिकित्सक से चेन स्नैचिंग का पर्दाफाश, कोढ़ा गैंग के दो शातिर गिरफ्तार
Muzaffarpur Chain Snatching: मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच परिसर के पास महिला चिकित्सक से हुई चेन स्नेचिंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर ...और पढ़ें

पुलिस ने अंतरप्रांतीय कोढ़ा गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
एसकेएमसीएच में महिला चिकित्सक से हुई चेन स्नेचिंग का पर्दाफाश।
पुलिस ने अंतरप्रांतीय कोढ़ा गैंग के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार।
गिरफ्तार आरोपितों से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद की गई।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Chain Snatching: मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) परिसर के पास महिला चिकित्सक से हुई चेन स्नेचिंग की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस ने अंतरप्रांतीय कोढ़ा गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चिकित्सक से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र निवासी सोनू कुमार यादव और रोहित कुमार यादव के रूप में हुई है।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
(गत दो अक्टूबर को डा. मधुलता सिंह एसकेएमसीएच के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना को लेकर पीड़िता के आवेदन पर अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर टू के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस बदमाशों तक पहुंचने में जुटी रही।
जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल बदमाशों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस की विशेष टीम सात अक्टूबर को कटिहार जिले के कोढ़ा पहुंची। वहां छापेमारी कर सोनू कुमार यादव और रोहित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनके पास से महिला चिकित्सक से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद की गई। पुलिस अब कोढ़ा गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपित आदतन अपराधी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार रोहित कुमार यादव के खिलाफ शेरघाटी, रामपुर, खड़गपुर, लहेरियासराय और मधुबनी के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी, लूट और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सोनू कुमार यादव के खिलाफ झंझारपुर थाने में चोरी का मामला दर्ज है।
पुलिस अन्य थानों से भी दोनों के आपराधिक इतिहास का ब्योरा जुटा रही है। कोढ़ा गैंग के अन्य सदस्यों के आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चेन स्नेचिंग की घटना का उद्भेदन होने के बाद चिकित्सकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
