मुजफ्फरपुर के सरैया में बोरे में बंद मिली युवती की लाश, चेहरे पर गहरे जख्म के निशान
मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र में बोरे में बंद एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई है, जिसके ...और पढ़ें

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
संदीप कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Woman Dead Body: जिले के सरैया थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बोरे में बंद युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
रेवा घाट स्थित जंगली माई स्थान मंदिर के पास मिले शव के चेहरे पर गहरे जख्म के निशान हैं। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह मंदिर के पास एक संदिग्ध बोरा पड़ा हुआ था। बोरे से दुर्गंध आने पर लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची सरैया थाने की पुलिस ने बोरा खुलवाया तो उसमें युवती का शव मिला।
शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया।
टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर एफएसएल टीम और सरैया एसडीपीओ को मौके पर भेजा गया है। प्राथमिकता के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मृतका की पहचान करने के साथ ही घटना में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
