मुजफ्फरपुर में अंतरजिला लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश, तीन बदमाश गिरफ्तार, बाइक और नकदी जब्त
Muzaffarpur Robbery Gang: साहेबगंज पुलिस ने अंतरजिला लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके ...और पढ़ें

साहेबगंज में गिरफ़्तार बदमाशों की जानकारी देते ग्रामीण एसपी। फोटो: जागरण
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Robbery Gang: साहेबगंज थाना पुलिस ने अंतरजिला से जुड़े लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, लूटी गई 2,200 रुपये की नकदी और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने प्रेस कांफ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
गैस एजेंसी में हुई थी लूट
15 अक्टूबर को साहेबगंज थाना क्षेत्र के अहियापुर स्थित भारत गैस एजेंसी ग्रामीण वितरक केंद्र के कैश काउंटर से बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर नकदी और मोबाइल लूट लिया था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसी कैमरों को खंगाला। इस संबंध में साहेबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सरैया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें जिला आसूचना इकाई, साहेबगंज थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी बिंदुओं के आधार पर लूट में प्रयुक्त बाइक के साथ तीनों बदमाशों को पकड़ लिया।
पूछताछ में स्वीकार की संलिप्तता
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साहेबगंज के विनय कुमार और पप्पू कुमार तथा पूर्वी चंपारण के बीजघटी इलाके के दीपक कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में तीनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने इनके पास से घटना में लूटी गई 2,200 रुपये की नकदी और तीन मोबाइल भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों के पूर्व के आपराधिक रिकार्ड का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न थानों से संपर्क किया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
