मुजफ्फरपुर के किसानों को मिलेगी सहूलियत, एक परिसर में होंगे सहकारिता के सभी कार्यालय
मुजफ्फरपुर में जल्द ही 'सहकार भवन' का निर्माण होगा, जिससे किसानों को सहकारिता से जुड़े कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मुजफ्फरपुर में जल्द बनेगा नया सहकार भवन।
सभी सहकारिता कार्यालय एक ही छत के नीचे होंगे।
किसानों और सहकारिता सदस्यों को मिलेगी सुविधा।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। जिला मुख्यालय में सहकारिता से जुड़े काम के लिए अब किसानों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है। जिला में जल्द ही अपना सहकार भवन बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है।
जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। एक ही परिसर में सहकारिता विभाग के प्रमुख कार्यालयों के आने से किसानों और सहकारिता से जुड़े लोगों का समय बचेगा और कामकाज में भी आसानी होगी।
एक छत के नीचे होंगे सभी कार्यालय
राज्य सरकार ने सभी जिला मुख्यालयों में समेकित सहकार भवन बनाने की योजना तैयार की है। इसके तहत सहकारिता विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यालयों को एक ही भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।
वर्तमान में जिला सहकारिता पदाधिकारी का कार्यालय, सहायक निबंधक सहयोग समितियां पूर्वी एवं पश्चिमी प्रमंडल तथा जिला अंकेक्षण पदाधिकारी सहयोग समितियों के कार्यालय संयुक्त भवन में अलग-अलग कमरों में संचालित हो रहे हैं।
एक ही परिसर में कार्यालय होने से किसानों को संबंधित पदाधिकारी से मिलने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं होगी। सहकारी समितियों से जुड़े कार्यों, अभिलेखों और अन्य मामलों के निपटारे में भी सुविधा होगी।
अभिलेखों को सुरक्षित रखने में भी होगी आसानी
वर्तमान कार्यालयों में जगह की कमी के कारण सबसे बड़ी परेशानी अभिलेखों के रख-रखाव की है। पर्याप्त जगह नहीं होने से अलग से अभिलेखागार की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। ऐसे में पुराने रिकार्ड को सुरक्षित रखने में विभाग को परेशानी होती है। सहकार भवन बनने के बाद अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होने की उम्मीद है।
180 फीट लंबी और 115 फीट चौड़ी जमीन की जरूरत
सहकार भवन के निर्माण के लिए करीब 180 फीट लंबी और 115 फीट चौड़ी जमीन की आवश्यकता बताई गई है। जिला सहकारिता विभाग ने इसके लिए जिला प्रशासन से शहर में उपयुक्त और विवाद रहित जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। अंचलाधिकारियों से भी जमीन की उपलब्धता संबंधी रिपोर्ट मांगी गई है।
जमीन मिलते ही शुरू होगी निर्माण की प्रक्रिया
जिला सहकारिता पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि सहकार भवन के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जिला प्रशासन से उपयुक्त एवं विवाद रहित भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
जमीन मिलते ही भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। भवन तैयार होने के बाद विभाग के कार्यालयों को स्थायी ठिकाना मिलेगा। साथ ही किसानों और सहकारिता से जुड़े लोगों को एक ही परिसर में विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
