विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ट्रेन से लौटते पति-देवर को पुलिस ने दबोचा

By Keshav KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 22 Sep 2026 11:09 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के औराई में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मायके पक्ष की शिकायत ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

संवाद सहयोगी, औराई (मुजफ्फरपुर)। औराई थाना क्षेत्र के मथुरा गांव में सोमवार देर रात गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घर में महिला की मौत की सूचना मिलते ही आसपास के लोग जुट गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। मामले में मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और देवर को औराई चौक से हिरासत में लिया है।

मायके पक्ष ने दर्ज कराई शिकायत

मृतका की पहचान इंदल दास की 25 वर्षीय पुत्रवधु रीना देवी के रूप में हुई है। मृतका के भाई, जो कटरा थाना क्षेत्र की कटाई पंचायत के रहने वाले हैं। औराई थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति भुलटून दास और उसके भाई नीतीश को हिरासत में लिया।

ट्रेन से लौट रहे थे पति और देवर

पुलिस के अनुसार, भुलटून दास और नीतीश बाहर रहकर मजदूरी करते थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों ट्रेन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने औराई चौक पर दोनों को पकड़ लिया। दोनों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना के समय घर में थी सास

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में मृतका की सास मौजूद थी। मृतका के ससुर बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस मायके पक्ष के आरोपों और घर के सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

औराई थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पति और देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।